भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बड़ी बैठक, पीयूष गोयल और जैमिसन ग्रीर के बीच बातचीत शुरू

India US Bilateral Trade Agreement:  आज दिल्ली के वाणिज्य भवन में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण से जुड़े मुद्दों पर बातचीत शुरू की।  

Shivam Shukla
अपडेटेड23 Jun 2026, 01:32 PM IST
भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बड़ी बैठक
भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बड़ी बैठक( Sergio Gor/X)

India US Trade Agreement: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर ने मंगलवार को द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण से जुड़े मुद्दों पर बातचीत शुरू की। एक अधिकारी ने बताया कि ग्रीर व्यापार समझौते पर चर्चा के लिए आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली में हैं। गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और उनके प्रतिनिधिमंडल का वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में हार्दिक स्वागत। भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सार्थक चर्चा की अपेक्षा है।''

वाणिज्य सचिव और मुख्य वार्ताकार शामिल

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और भारत के मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन इस बैठक में शामिल हैं। यह बैठक वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुख्यालय वाणिज्य भवन में जारी है। बैठक इस महीने की शुरुआत में (दो से चार जून) राष्ट्रीय राजधानी में हुए मुख्य वार्ताकार स्तर की चर्चाओं के बाद हो रही है। राजेश अग्रवाल ने 15 जून को कहा था कि दोनों मंत्रियों के बीच बातचीत मुख्य रूप से समझौते के ढांचे को अंतिम रूप देने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 17 जून को कहा था कि दोनों देश व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं।

सभी जरूरी मुद्दे शामिल

इससे पहले पांच जून को पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत और अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। दोनों पक्ष अगले महीने के मध्य तक बीटीए के पहले चरण को लागू कर सकते हैं। दोनों पक्षों ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा तय की थी। यह रूपरेखा अमेरिका की ओर से भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 50 प्रतिशत शुल्क पर आधारित थी। हालांकि, 20 फरवरी को अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए इन व्यापक शुल्कों को निरस्त कर दिया।

24 जुलाई को खत्म हो रहा अमेरिकी टैरिफ

इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने 24 फरवरी को व्यापार अधिनियम की धारा 122 के तहत सभी देशों पर 150 दिन के लिए 10 प्रतिशत शुल्क लगाया, जो इस वर्ष 24 जुलाई को खत्म होगा। अमेरिकी शुल्क व्यवस्था में हुए इन बदलावों के कारण दोनों पक्षों के बीच यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारत और अमेरिका ने 13 फरवरी 2025 को औपचारिक रूप से बीटीए वार्ता शुरू की थी। सात फरवरी 2026 को दोनों पक्षों ने पारस्परिक एवं लाभकारी अंतरिम समझौते के लिए एक ढांचा तैयार करने की घोषणा की थी।

इस ढांचे के तहत अमेरिका ने भारत पर शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति जताई थी। रूस से तेल खरीदने को लेकर लगाए गए 25 प्रतिशत शुल्क को भी हटाया गया था और शेष 25 प्रतिशत को समझौते के तहत 18 प्रतिशत तक कम किया जाना था। हालांकि, अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने इन शुल्कों को निरस्त कर दिया। ढांचे के तहत भारत ने सभी अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और कई खाद्य एवं कृषि उत्पादों जैसे डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स (डीडीजी), लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, वाइन व स्पिरिट्स पर शुल्क समाप्त या कम करने का प्रस्ताव रखा।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बड़ी बैठक, पीयूष गोयल और जैमिसन ग्रीर के बीच बातचीत शुरू
More