India-Bangladesh Tensions: भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे तनाव के बीच आज बांग्लादेश ने बड़ा फैसला लिया है। बांग्लादेश ने आज भारत में स्थित कई प्रमुख मिशनों में वीजा सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं। इसमें नई दिल्ली, कोलकाता और अगरतला स्थित मिशन शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार ये कदम फिलहाल अस्थायी है और स्थिति की समीक्षा के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा कि अगला कदम क्या होगा।
विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन ने कहा कि मैंने अपने तीन दूतावासों से कहा है कि वे फिलहाल अपने वीजा खंड बंद रखें। ये सुरक्षा का मामला है। उन्होंने दूतावासों के नाम नहीं बताये, लेकिन यूएनबी के अनुसार, बंगलादेश ने नयी दिल्ली में बंगलादेश उच्चायोग, कोलकाता में उप-उच्चायोग और अगरतला में बंगलादेश सहायक उच्चायोग के वीजा सेक्शन बंद कर दिए हैं।
इन दूतावास में मिलेगा वीजा
चेन्नई और मुंबई में बंगलादेश दूतावासों में वीजा सेक्शन चालू हैं। ऑब्जर्वर बांग्लादेश के अनुसार, कोलकाता उप-उच्चायोग में वीज़ा सेवाओं का निलंबन बुधवार से प्रभावी हुआ। इस फैसले के तहत, भारतीय नागरिकों के लिए व्यापार और वर्क वीज़ा को छोड़कर सभी वीज़ा सेवाएं रोक दी गयी हैं। व्यापार और वर्क वीज़ा को छोड़कर सभी श्रेणियों के लिए कांसुलर और वीजा सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
बांग्लादेश सरकार ने क्यों लिया ये फैसला?
सूत्रों ने बताया कि अंतरिम सरकार ने मौजूदा परिस्थितियों के बीच बंगलादेश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ये फैसला लिया।इससे पहले, बंगलादेश ने 22 दिसंबर को नई दिल्ली में बंगलादेश उच्चायोग और अगरतला में सहायक उच्चायोग और सिलीगुड़ी में वीजा केंद्र में वीज़ा जारी करने और कांसुलर सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों के बाद दूतावासों के बाहर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के मद्देनज़र ये फैसले लिये गये थे और तब से सेवाएं निलंबित हैं।