India-Israel Relations: पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत के रणनीतिक सहयोगी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की है। इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी और काउंटर टेररिज्म जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ये जानकारी दी है। पीएम मोदी ने इजरायली प्रधानमंत्री और वहां की जनता को नए साल की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात पर भी चर्चा हुई।
पीएम मोदी ने इसी पोस्ट में आगे लिखा, हमने आने वाले साल में भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। हमने क्षेत्रीय स्थिति पर भी बात की है। इसके साथ ही आतंकवाद से ज़्यादा मज़बूती से लड़ने के अपने साझा संकल्प को दोहराया। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को नए आयाम देने के लिए वर्ष 2026 में कई अवसर हैं।
आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
इससे पहले बीते साल दिसंबर के दूसरे हफ्ते में इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी को फोन किया था। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर बातचीत की थी। इस बाचतीच में भी दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी दोहराई थी। दो टूक कहा था कि आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि पीएम मोदी और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई ये बातचीत ऐसे समय हुई है, जब पूरी दुनिया की वैश्विक राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है।
भारत के साथ खड़ा रहा है इजरायल
भारत और इजरायल के रिश्ते हमेशा से ही अच्छे रहे हैं। जरूरत पड़ने पर इजरायल भारत के लिए हमेशा खड़ा रहा है। इजरायल लगातार भारत को अत्याधुनिक हथियारों की भी सप्लाई करता रहा है। इतना ही नहीं यूनाइटेड नेशन से लेकर तमाम वैश्विक संस्थानों में भी इजरायल खुलकर भारत के पक्ष में खड़ा होता आया है।