
Longest freight train Rudrastra: शनिवार को भारतीय रेलवे ने देश की सबसे लंबी मालगाड़ी ‘रुद्रास्त्र’ को सफलतापूर्वक चलाकर इतिहास रच दिया है। PTI ने एक रेलवे अधिकारी के हवाले से बताया कि ये न सिर्फ भारत की बल्कि एशिया की सबसे लंबी मालगाड़ी बन गई है।
4.5 किलोमीटर लंबी ये ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिवीजन (DDU) से धनबाद डिवीजन तक भेजी गई थी। डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) उदय सिंह मीणा ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि इस मालगाड़ी का उद्देश्य माल को तेजी से लोड और ट्रांसपोर्ट करना है। इससे समय के साथ-साथ संसाधन भी बचेंगे।
‘रुद्रास्त्र’ को बनाने के लिए 6 बॉक्स रेक्स को जोड़ा गया और 7 ताकतवर इंजनों से इसे खींचा गया। इसमें कुल 354 वैगन थे और हर वैगन में 72 टन सामान लोड किया गया। इस तरह ये ट्रेन माल ढुलाई के मामले में एक बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकती है।
गुरुवार को इस ट्रेन का ट्रायल रन चंदौली के गंजख्वाजा रेलवे स्टेशन से झारखंड के गढ़वा तक किया गया था। पूर्वी मध्य रेलवेज के मुताबिक, 209 किलोमीटर की दूरी ‘रुद्रास्त्र’ ने करीब 5 घंटे में तय की, जिसकी औसत स्पीड रही 40.5 किलोमीटर प्रति घंटा।
इसे तैयार करने का तरीका भी अनोखा था। सामने दो इंजन लगाए गए और हर 59 डिब्बों के बाद एक-एक इंजन जोड़ा गया। इससे इतनी लंबी ट्रेन को कंट्रोल करना आसान हो गया।
डिविजनल रेलवे मैनेजर उदय सिंह मीणा ने बताया कि ये एक नया प्रयोग है, जिससे माल ढुलाई और लोडिंग का काम तेजी से होगा। उनका कहना है कि इस तरह के प्रयोग आगे भी किए जाएंगे ताकि माल ढुलाई और भी कारगर बन सके।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.