इंडिगो की फ्लाइट्स में आई दिक्कतों की वजह से काफी यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। ऐसे में रेलवे ने लोगों की मुश्किलें कम करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बढ़ती भीड़ और यात्रियों की जरूरत को देखते हुए कई प्रीमियम ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ दिए गए हैं ताकि सफर आसान और आरामदायक हो सके।
37 प्रीमियम ट्रेनों में 116 कोच जोड़े गए
उत्तर रेलवे ने बताया कि इंडिगो उड़ानों में व्यवधान के बाद यात्रियों को राहत देने के लिए 37 प्रीमियम ट्रेनों में कुल 116 नए कोच बढ़ाए गए हैं।
रेल मंत्रालय की प्रेस नोट के मुताबिक दक्षिणी रेलवे ने सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की है और 18 ट्रेनों में क्षमता बढ़ाई गई है, जिससे यात्रियों को ज्यादा सीटें मिल सकें।
राजधानी और शताब्दी ट्रेनों में इतनी सीटें बढ़ाई गईं
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार:
12425/26 जम्मू राजधानी एक्सप्रेस में एक थर्ड एसी कोच
12424/23 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में एक थर्ड एसी कोच
12045/46 चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस में एक AC चेयर कार
12030/29 अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस में भी एक AC चेयर कार
इनमें से हर ट्रेन में अभी से ज्यादा यात्री सफर कर पाएंगे और सीट उपलब्धता बेहतर होगी।
यह बदलाव कब तक लागू रहेंगे?
अधिकारियों ने बताया कि ये बदलाव ट्रेनों की अगली सेवाओं से ही लागू कर दिए जाएंगे। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक फ्लाइट व्यवधान की समस्या बनी रहती है और यात्रियों की मांग ज्यादा रहती है।
अन्य रूट्स पर क्षमता बढ़ाने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक रेलवे दिल्ली-पटना, मुंबई-दिल्ली और अहमदाबाद-दिल्ली जैसी व्यस्त रूट्स पर चलने वाली कई प्रीमियम ट्रेनों में भी AC कोच की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है। अचानक बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे चाहता है कि किसी भी यात्री को लंबा इंतजार न करना पड़े।
हवाई यात्रा में रुकावट आने से हजारों लोग परेशान हो गए थे, लेकिन रेलवे के इस फैसले से सफर एक बार फिर सुचारू हो गया है। बढ़ी सीटें और कोच यात्रियों को काफी राहत दे सकते हैं। फिलहाल जरूरत यही है कि लोग टिकट समय रहते बुक करें और यात्रा प्लानिंग थोड़ा पहले कर लें।