T20 Special Train: क्रिकेट प्रेमियों के लिए 8 मार्च का दिन बेहद खास होने वाला है। आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। जैसे-जैसे यह बड़ा मुकाबला करीब आ रहा है, वैसे-वैसे पूरे देश में उत्साह भी तेजी से बढ़ता जा रहा है।
फाइनल देखने के लिए हजारों फैंस अहमदाबाद पहुंचना चाहते हैं, लेकिन अचानक बढ़े फ्लाइट किराए और टिकटों की कमी ने कई लोगों की योजना मुश्किल बना दी थी। ऐसे में अब भारतीय रेलवे ने क्रिकेट फैंस की परेशानी कम करने के लिए एक खास कदम उठाया है।
फैंस के लिए रेलवे की खास सौगात
भारतीय रेलवे ने फाइनल मैच देखने जाने वाले क्रिकेट प्रेमियों के लिए नई दिल्ली से अहमदाबाद (साबरमती) के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। नॉर्दर्न रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस विशेष ट्रेन की जानकारी साझा की गई।
उत्तर रेलवे ने पर X एक पोस्ट साझा कर लिखा, "क्रिकेट प्रेमियों के लिए भारतीय रेल की खास सौगात! बढ़े फ्लाइट टिकट और टिकटों की अनुपलब्धता को देखते हुए रेलवे द्वारा यात्रियों की सहूलियत के लिए नई दिल्ली से साबरमती के लिए आज दिनांक 7 मार्च 2026, रात 11:45 बजे विशेष ट्रेन का ऐलान। 3rd AC और 2nd AC के कोच वाली इस 19 कोच की ट्रेन में बुक करें अपनी सीट!"
आज रात 11:45 बजे दिल्ली से रवाना होगी ट्रेन
रेलवे द्वारा घोषित यह स्पेशल ट्रेन 7 मार्च 2026 की रात 11:45 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी।
इस ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए गए हैं, जिनमें सेकंड AC और थर्ड AC के डिब्बे शामिल हैं। रेलवे ने फैंस से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी सीट बुक कर लें, ताकि अहमदाबाद जाने का मौका हाथ से न निकल जाए। रेलवे का मानना है कि यह ट्रेन उन हजारों क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी जो इस ऐतिहासिक मुकाबले को स्टेडियम में बैठकर देखना चाहते हैं।
मुंबई से भी चलेगी खास ट्रेन
फाइनल मुकाबले को देखते हुए सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि मुंबई से भी अहमदाबाद के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है। पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने भी पहले घोषणा की थी कि मुंबई और अहमदाबाद के बीच एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे फैंस को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिल सके। इससे उम्मीद की जा रही है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी अहमदाबाद पहुंच सकेंगे।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगेगा क्रिकेट का महाकुंभ
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में से एक है और यहां करीब 1,32,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। फाइनल मुकाबले के लिए यहां पूरी तरह से खचाखच भीड़ जुटने की उम्मीद है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला किसी उत्सव से कम नहीं होगा।
1.32 लाख दर्शकों के बीच रोमांचक मुकाबला
अहमदाबाद का यह वही मैदान है जहां 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भारत को हार झेलनी पड़ी थी। लेकिन इस बार माहौल और इरादे दोनों अलग हैं। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर अपनी जगह पक्की की है, वहीं न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल का टिकट कटाया है। करीब 1,32,000 की क्षमता वाला यह स्टेडियम कल खचाखच भरा रहने वाला है।
क्लोजिंग सेरेमनी: रिकी मार्टिन और फाल्गुनी पाठक का लगेगा तड़का
मैच शुरू होने से पहले एक शानदार क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया है। इसमें ग्रैमी विजेता सुपरस्टार रिकी मार्टिन मुख्य आकर्षण होंगे। उनके साथ 'डांडिया क्वीन' फाल्गुनी पाठक अपनी लोक गायकी का जादू बिखेरेंगी और सुखविंदर सिंह अपनी दमदार आवाज से स्टेडियम में जोश भरेंगे। टॉस से पहले रिकी मार्टिन के मशहूर गाने 'Un Dos Tres (Maria)' पर पूरा स्टेडियम थिरकने को तैयार है।