Oman Coast Ship Accident: ओमान के रास अल हद्द से लगभग 80 समुद्री मील पूर्व में रविवार सुबह भारतीय झंडे वाला मशीनी जहाज MSV विराट-1 डूबने लगा। इसमें सवार 14 भारतीय नाविकों को अमेरिकी नौसेना ने समय रहते बचा लिया। अमेरिकी नौसेना के P8 मारिटाइम पैट्रोल एयरक्राफ्ट ने मौके पर पहुंचकर जहाज के चालक दल को सूचना दी और उनके लिए लाइफ राफ्ट गिराया। अमेरिकी विमान पूरे समय उनकी निगरानी भी करता रहा।
भारतीय दूतावास ने दी जानकारी
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''यह सामने आया है कि जहाज के इंजन में खराबी आ गई है और चालक दल को अंततः सुरक्षित रूप से 'लाइफ राफ्ट' में पहुंचाया गया है। ओमान के अधिकारियों के सहयोग से बचाव अभियान चल रहा है तथा उसमें आसपास मौजूद जहाज सहायता पहुंचा रहे हैं।''
पिछले हफ्ते से क्षेत्र में बना है दबाव
पिछले सप्ताह ओमान के तट पर तब तनाव की स्थिति देखने को मिली। क्षेत्र में भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले तीन जहाज अमेरिकी हमले की चपेट में आ गए। इनमें से एक में सवार तीन नाविकों की मौत हो गई थी। भारत ने शुक्रवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया था और उनसे कहा था कि ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के "घातक और जानलेवा" हमले अस्वीकार्य हैं। भारत ने कहा था कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।