भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम, सभी सैन्य कार्रवाई आज से बंद

भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर बड़ी खबर दी है। ट्रंप ने पोस्ट में बताया कि अमेरिका की मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान, दोनों देश तुरंत और पूरी तरह से सीजफायर पर राजी हो गए हैं।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड10 May 2025, 05:48 PM IST
India Pakistan ceasefire: भारत पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम, डोनाल्ड ट्रंप का पोस्ट।
India Pakistan ceasefire: भारत पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम, डोनाल्ड ट्रंप का पोस्ट।

India Pakistan ceasefire: भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव पर अब बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने X पर इसकी जानकारी दी है। ट्रंप ने एक पोस्ट शेयर कर कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान के बीच लंबी बातचीत के बाद दोनों देश तुरंत और पूरी तरह से सीजफायर पर राजी हो गए हैं।

डोनाल्ड ट्रंप का X पर पोस्ट, “एक लंबी रात की बातचीत के बाद, जो अमेरिका की मध्यस्थता में हुई, मैं ये बताते हुए खुश हूं कि भारत और पाकिस्तान ने पूरा और तुरंत सीजफायर मानने पर सहमति जताई है। दोनों देशों को समझदारी और सूझबूझ से फैसला लेने के लिए बधाई। इस मुद्दे पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।”

विदेश सचिव और विदेश मंत्री का बयान

भारत सरकार ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा पर मुहर लगा दी है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने एक बिल्कुल छोटी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शाम 3.35 बजे पाकिस्तान के सैन्य अभियानों के महानिदेशक (DGMO) ने भारत के DGMO को फोन किया और दोनों के बीच संघर्ष विराम पर सहमति बनी। बातचीत में तय हुआ कि शनिवार शाम 5 बजे से भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के खिलाफ कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पोस्ट में बताया कि भारत और पाकिस्तान ने आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद करने पर सहमति जताई। किसी भी स्वरूप और किसी भी तरह की कार्रवाई में आतंकवाद के खिलाफ भारत का कठोर और अडिग दृष्टिकोण रहा है। आगे भी ऐसा ही रहेगा।

अमेरिकी विदेश मंत्री का पोस्ट

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने X पोस्ट में बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वांस और वे 48 घंटे से भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों से संपर्क में थे। उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिफ मुनीर से बातचीत की। साथ ही, भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और पाकिस्तानी NSA आसिम मलिक से भी बातचीत हुई।

रूबियो ने लिखा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तुरंत युद्ध रोकने पर सहमत हो गए हैं। दोनों देश किसी तीसरी जगह पर कई प्रमुख मुद्दों पर बातचीत करेंगे।' उन्होंने आगे लिखा, हम प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री शरीफ की समझदारी एवं बड़ा दिल दिखाकर शांति का रास्ता चुनने के लिए सराहना करते हैं।'

पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार का पोस्ट

पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने एक्स पोस्ट में कहा, 'पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। पाकिस्तान ने अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना हमेशा इस क्षेत्र की शांति और सुरक्षा की चाहत रखी है।'

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम, सभी सैन्य कार्रवाई आज से बंद
More