निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने हाल ही में बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने और पहले हुई देरी के पीछे के कारणों की जांच एक अमेरिकी कंपनी को सौंपी है। इंडिगो के निदेशक मंडल ने चीफ एविएशन एडवाइजर्स को तकनीकी और संचालन संबंधी जांच का जिम्मा सौंपने का प्रस्ताव मंजूर किया है। इस कदम का उद्देश्य यात्रियों की असुविधा के पीछे की मूल वजहों का पता लगाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव करना है।
कैप्टन जॉन इलसन के नेतृत्व में होगी तकनीकी जांच
इंडिगो ने बताया कि इस जांच का नेतृत्व विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ कैप्टन जॉन इलसन करेंगे। इलसन का अनुभव अमेरिकी विमानन नियामक एफएए, अंतर्राष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (ICAO) और कई बड़ी वैश्विक एयरलाइंस के साथ रहा है। इंडिगो के आंतरिक संकट प्रबंधन समूह ने बाहरी विशेषज्ञ की भागीदारी की सिफारिश की थी, जिसे निदेशक मंडल ने मंजूरी दी। जांच का लक्ष्य उड़ानों में हुई देरी और रद्द होने की व्यापक घटनाओं के कारणों को समझना है।
विस्तृत रिपोर्ट से सामने आएंगे कारण और समाधान
चीफ एविएशन एडवाइजर्स की टीम जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट में विश्लेषण होगा कि किन तकनीकी और परिचालन कारणों से पहले उड़ानें देरी का शिकार हुईं और बाद में बड़ी संख्या में रद्द करनी पड़ीं। इंडिगो ने कहा है कि रिपोर्ट के परिणामों के आधार पर भविष्य में विमानन संचालन को अधिक स्थिर और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।