केरल के सत्ताधारी दल का दावा है कि शबरिमला मंदिर से सोना चोरी होने के पीछे कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी का हाथ है और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। केरल की पिनरायी विजयन की सरकार के मंत्रियों ने यह दावा विधानसभा में किया तो कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से सदन की कार्यवाही से सोनिया गांधी का नाम हटाने की मांग की। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने तिरुवनंतपुरम दौरे में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केरल में बीजेपी की सरकार बनते ही शबरिमला मंदिर से सोना चोरी करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
मंत्री की मांग- सोनिया के घर पर छापा मारा जाए, गिरफ्तारी हो
मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ ने गुरुवार को विधानसभा में दावा किया कि शबरिमला से सोने की लूट के पीछे कांग्रेस का हाथ था। मंत्रियों एमबी राजेश और वी शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इस मामले में शामिल हैं क्योंकि सोने की चोरी के मामलों में मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर उनसे मुलाकात की थी।
शिवनकुट्टी ने यह भी मांग की कि सोनिया गांधी को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ की जाए और चोरी सोने की बरामदगी के लिए उनके आवास पर छापा मारा जाए। शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि शबरिमला से गायब हुआ सोना उन्नीकृष्णन पोट्टी ने सोनिया गांधी को बेचा था।
सोना चोरी में सोनिया गांधी की संलिप्तता छिपाने की हो रही है कोशिश: सत्ताधारी विधायक
वाम मोर्चे के विधायकों ने कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाला विपक्षी गठबंधन यूडीएफ चर्चा से डर रहा क्योंकि सोने की चोरी में उसकी भी भूमिका थी और सोनिया गांधी की कथित संलिप्तता को छिपाने के लिए भी ऐसा किया जा रहा है। केके शैलजा सहित अन्य एलडीएफ विधायकों ने कहा, 'हमारे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।' उन्होंने यह भी कहा कि एसआईटी की जांच से पता चलेगा कि शबरिमला से सोना किसने चुराया था।
कांग्रेस नेता ने माना- उनकी मौजूदगी में आरोपी से मिली थीं सोनिया गांधी
उधर, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) संयोजक और कांग्रेस सांसद अडूर प्रकाश ने शुक्रवार को स्वीकार किया कि जब पोट्टी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मुलाकात की थी तब वह वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने इस आरोप से इनकार किया कि उन्होंने बैठक कराई थी। उन्होंने ये भी माना कि वह शबरिमला सोने की चोरी मामले के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी से कई बार मिले थे, लेकिन उन्होंने इस मामले से खुद को जोड़ने वाले आरोपों को खारिज कर दिया। हाल में पोट्टी के साथ एक तस्वीर सामने आने के बाद प्रकाश नई दिल्ली में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
सोनिया गांधी को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ की जाए और चोरी सोने की बरामदगी के लिए उनके आवास पर छापा मारा जाए। शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि शबरिमला से गायब हुआ सोना उन्नीकृष्णन पोट्टी ने सोनिया गांधी को बेचा था।- वी शिवनकुट्टी, मंत्री, केरल
सोना चोरी के आरोपी से कई बार मिला था: कांग्रेस नेता
प्रकाश ने कहा कि उनकी पहली मुलाकात पोट्टी से 2019 में हुई थी, जब वह अटिंगल लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। उन्होंने कहा, 'पोट्टी ने मुझे शबरिमला मंदिर में अन्नदानम के लिए आमंत्रित किया और मैंने उसमें भाग लिया।' उन्होंने कहा कि पोट्टी के पिता की मृत्यु के बाद भी वह उनके घर गए थे। प्रकाश ने कहा, ‘यह सच है कि मैं उनके घर गया था और अगर कोई इसके बारे में पूछेगा तो मैं यह बताने के लिए तैयार हूं।’
मोदी की गारंटी है, चोरों को जेल भेजा जाएगा: प्रधानमंत्री मोदी
उधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरलवासियों को भरोसा दिलाया है कि इस बार प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है और सरकार बनते ही शबरिमला मंदिर से चोरी की जांच करवाई जाएगी। पीएम ने कहा, 'खबरें आ रही हैं कि मंदिर से सोना चोरी हो गया। भगवान का सोना चोरी हो गया। मैं साफ कर दूं कि जैसे ही भाजपा की सरकार बनेगी, इन आरोपों की विस्तार से जांच होगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। यह मोदी की गारंटी है।'
ध्यान रहे कि विशेष जांच दल (एसआईटी) शबरिमला मंदिर के कपाट पर स्थिति द्वारपालकों (संरक्षक देवता) के विग्रह और श्रीकोविल (गर्भगृह) की चौखट पर मढ़े गए सोने में कथित गबन की जांच कर रही है जिसकी निगरानी केरल हाई कोर्ट कर रहा है।