
Lok Sabha Video: संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर एक एआई जेनरेटेड वीडियो का जवाब दिया। कांग्रेस पार्टी ने इस वीडियो के जरिए प्रधानमंत्री मोदी को डरपोक बताया था। इस पर रिजिजू ने लोकसभा का वीडियो शेयर कर कहा कि कांग्रेस अपने घटिया व्यवहार पर गर्व कर रही है।
रिजिजू ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘कांग्रेस पार्टी को अपने सांसदों के सबसे घटिया बर्ताव पर गर्व है! अगर हमने सभी बीजेपी सांसदों को नहीं रोका होता और महिला सांसदों को कांग्रेस सांसदों से भिड़ने नहीं दिया होता, तो दृश्य बहुत बुरा होता। संसद की इज्जत और पवित्रता की रक्षा करना हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।’
रिजिजू ने यह वीडियो कांग्रेस पार्टी के एक्स हैंडल पर साझा किए गए एक एआई जेनरेटेड वीडियो के जवाब में पोस्ट किया है। कांग्रेस के इस एआई विडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा अध्यक्ष को निर्देश देते हुए दिखाया गया है।
सोमवार शाम को पोस्ट किए गए इस वीडियो में आगे दिखाया गया है कि पीएम मोदी की यह चाल उन पर ही भारी पड़ गई और लोगों के बीच संदेश गया कि पीएम मोदी तो डरपोक हैं, उनका 56 इंच का सीना होने का दावा खोखला है। कांग्रेस ने इस एआई वीडियो के साथ लिखा था, ‘महिला सांसदों ने गुब्बारे की हवा निकाल दी।’
ध्यान रहे कि परंपरा के अनुसार बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होती है। इस बार भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 28 जनवरी को दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। राज्यसभा संसद का ऊपरी सदन है जबकि लोकसभा निचला। 1 फरवरी को बजट पेश होने के अगले दिन 2 फरवरी को राज्यसभा और लोकसभा, दोनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई थी।
लोकसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी ने 2 फरवरी को ही अपना भाषण दिया। उन्होंने पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल (रिटायर्ड) एमएम नरवणे की एक कथित पुस्तक और उस पुस्तक में कथित तौर पर लिखी बातों पर एक पत्रिका में प्रकाशित लेख को आधार बनाकर सरकार पर निशाना साधने की कोशिश कर रहे थे। सत्ता पक्ष ने आपत्ति जताई कि जो पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है, उसका उद्धरण नहीं दिया जा सकता है।
सत्ता पक्ष से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि वह राहुल गांधी को नियम तोड़ने से रोकें। इस पर ओम बिरला ने राहुल गांधी को कथित किताब से हटकर राष्ट्रपति के अभिभाषण में जिक्र किए मुद्दों पर बोलने का निर्देश दिया। हालांकि, राहुल गांधी बार-बार किताब का ही जिक्र करते रहे। आखिरकार इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में आमने-सामने हो गए और सदन की कार्यवाही आगे नहीं चल सकी।
फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 5 फरवरी को शाम 5 बजे लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देना था। इससे पहले, कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों की महिला सांसदों ने सदन में प्रधानमंत्री के बैठने की जगह को घेर लिया। माहौल बिगड़ता देख लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा में नहीं आने का आग्रह किया और पीएम मोदी सदन नहीं आए।
अगले दिन 6 फरवरी को लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो स्पीकर ओम बिरला ने सदन को बताया कि उन्हें इस बात के ठोस संकेत मिले थे कि पीएम के लोकसभा में आने पर कुछ अप्रत्याशित घटना हो सकती थी। उधर, पीएम मोदी ने6 फरवरी को ही राज्यसभा में तय योजना के अनुसार अपना भाषण दिया।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.