फरीदाबाद से विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद, आतंकी प्लानिंग का आरोपी डॉ. मुजम्मिल गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक हरियाणा के फरीदाबाद से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भारी मात्रा में आईईडी बनाने की सामग्री और हथियार बरामद किए हैं। यह बरामदगी आतंकी नेटवर्क को तोड़ने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के व्यापक अभियान का हिस्सा बताई जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार भी किया है।

Naveen Kumar Pandey( विद इनपुट्स फ्रॉम एएनआई)
अपडेटेड10 Nov 2025, 01:57 PM IST
फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने दी आतंकी नेटवर्क पर प्रहार की जानकारी
फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने दी आतंकी नेटवर्क पर प्रहार की जानकारी(ANI)

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियारों का जखीरा जब्त किया है। इस सिलसिले में एक आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल को गिरफ्तार किया गया है। बरामद सामान में आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और बड़ी संख्या में हथियार शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।

फरीदाबाद से बरामद हुआ बड़ा विस्फोटक जखीरा

फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विस्फोटकों और गोला-बारूद की जब्ती के साथ पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा, 'ऑपरेशन आगे भी जारी है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की पुलिस इसे मिलकर अंजाम दे रहे हैं। डॉ. मुजम्मिल नाम का आरोपी गिरफ्तार किया गया है। कल (रविवार को) 360 किलो विस्फोटक पदार्थ जब्त किया गया था जो संभवतः अमोनियम नाइट्रेट है।' गिरफ्तार किया गया आरोपी मुजम्मिल फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में फिजिशियन है।

यह भी पढ़ें | भारत-बहरीन के बीच 1.45 खरब रुपये का ट्रेड, अब CEPA और BIT पर जोर

जब्त हुए सामानों की लिस्ट होश उड़ा देगी

पुलिस आयुक्त ने कहा कि जब्त विस्फोटक पदार्थ आरडीएक्स नहीं है। उन्होंने कहा कि अभियान अब भी जारी है। उन्होंने बताया कि जब्त सामानों में पिस्टल, जिंदा कारतूस, कई टाइमर, बैटरियां, वॉकी-टॉकी सेट्स, हेवी मेटल और कई अन्य चीजें शामिल हैं। कुमार ने कहा, 'एक एसॉल्ट राइफल और तीन मैग्जीन में भरी 83 गोलियां, एक पिस्टल 8 गोलियां, दो खाली कारट्रिज, दो अतिरिक्त मैग्जीन, 8 बड़े सूटकेस, 7 छोटे सूटकेस और करीब 360 किलो दहनशील पदार्थ से भरा एक बर्तन मिला है।'

पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया, 'बैटरियों के साथ 20 टाइमर, वॉकी-टॉकी सेट्स, बिजली की तारें, 24 रिमोट, करीब 5 किलो हेवी मेटल समेत कई अन्य प्रतिबंधित पदार्थ मिले हैं।' उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो जब्त किया गया पदार्थ आरडीएक्स है और न बंदूक ही एक-47 है बल्कि यह उससे छोटी बंदूक है।'

सहारनपुर से गिरफ्तार आरोपी ने किया भंडाफोड़

पुलिस आयुक्त ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और फरीदाबाद पुलिस का यह साझा अभियान 15 दिनों से चल रहा है। डॉ. मुजम्मिल समेत अब तक दो आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें दूसरा आरोपी आदिल राठेर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है।

आदिल राठेर को तब गिरफ्तार किया गया जब श्रीनगर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज स्थित लॉकर से एक एके-47 मिला। अनंतनाग के संयुक्त पूछताछ केंद्र की मदद से यह बरामदगी हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आदिल राठेर के कबूलनामे के आधार पर ही डॉ. मुजम्मिल की गिरफ्तारी हुई है।

यह भी पढ़ें | आतंकवाद बर्दाश्त नहीं...UNGA में भारत की हुंकार, PAK को दिया कड़ा संदेश

कुलगाम पुलिस का आतंक नेटवर्क पर बड़ा अभियान

इससे पहले रविवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में भी पुलिस ने आतंक समर्थक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई में पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। यह अभियान कुलगाम पुलिस की 'जीरो टॉलरेंस' पॉलिसी का हिस्सा बताया है, जिसके तहत आतंकवाद और उसके समर्थन में चल रही किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जा रहा है।

इस दौरान पुलिस ने ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs), यूएपीए (Unlawful Activities Prevention Act) और पीएसए (Public Safety Act) के तहत आरोपी लोगों, आतंकियों के परिजनों और सहयोगियों को निशाने पर लिया। कई घरों की तलाशी ली गई और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

आतंकी फंडिंग और सपोर्ट सिस्टम पर कड़ी निगरानी

कुलगाम पुलिस ने हाल के महीनों में उन लोगों पर भी कार्रवाई की है, जो पाकिस्तान या पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) से सक्रिय जम्मू-कश्मीर मूल के आतंकियों के लिए काम कर रहे हैं। ये लोग आतंकियों की फंडिंग, भर्ती और प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय स्तर पर नेटवर्क तैयार कर रहे थे। 8 नवंबर को पुलिस ने एक और बड़े अभियान के तहत ऐसे कई व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था जो सीमा पार बैठे आतंकियों के लिए फाइनेंशियल और लॉजिस्टिक हेल्प पहुंचाने में शामिल थे।

इन लोगों से कई डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने और आतंकियों को मदद देने के आरोप हैं। पुलिस ने बताया कि इन लोगों का नेटवर्क सोशल मीडिया और मेसेजिंग एप्स के जरिए आतंकियों के संपर्क में था।

आतंकी नेटवर्क के पूर्ण खात्मे का लक्ष्य

कुलगाम पुलिस का कहना है कि वह जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आतंक समर्थक नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का मानना है कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए सिर्फ आतंकियों को पकड़ना काफी नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी सहयोग देने वाले तंत्र को भी ध्वस्त करना जरूरी है।

इस दिशा में पुलिस लगातार ऑपरेशन चला रही है और हर उस व्यक्ति पर नजर रख रही है जो किसी भी रूप में आतंकवाद से जुड़ा हो। कुलगाम पुलिस ने दोहराया कि आतंकवाद से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें | सांसदों की तुलना आतंकियों से करने पर बुरे फंसे जयराम रमेश, BJP ने बताया- शर्मनाक

राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए संकेत

फरीदाबाद में आईईडी विस्फोटक बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के बीच सतर्कता बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि बरामद विस्फोटक सामग्री कहां से आई और इसे कहां इस्तेमाल किया जाना था। यह बरामदगी उस समय हुई है जब जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस और सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से आतंकी संगठनों के नेटवर्क और उनकी सप्लाई लाइनों पर गंभीर असर पड़ेगा।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़फरीदाबाद से विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद, आतंकी प्लानिंग का आरोपी डॉ. मुजम्मिल गिरफ्तार
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़फरीदाबाद से विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद, आतंकी प्लानिंग का आरोपी डॉ. मुजम्मिल गिरफ्तार