Kal ka mausam: फरवरी की शुरुआत में ही मौसम ने अपना रंग बदलना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम ठंडी हवाएं कड़ाके की ठंड का एहसास कराती हैं, तो दोपहर में तेज धूप राहत देती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभों के असर से कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।
दिल्ली में कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार कल 7 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम ज्यादातर साफ रहेगा। हालांकि, 8 और 9 फरवरी को आंशिक बादल छा सकते हैं। मौसम विशेषज्ञ मानते हैं कि अगले 10–15 दिनों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा।
उत्तर प्रदेश में 6 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान गिरा है और कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। आने वाले दिनों में भी सुबह-शाम ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है।
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 9 से 11 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं 8 फरवरी तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड में भी इसी दौरान मौसम करवट ले सकता है। कुछ इलाकों में 7 और 8 फरवरी को घना कोहरा छाया रहेगा। 9 से 11 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में दिन के समय धूप से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह के वक्त कोहरा और धुंध परेशानी बढ़ा रहे हैं। IMD के अनुसार फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा। हालांकि, कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में हिमपात के आसार
जम्मू-कश्मीर में हाल ही में बारिश और बर्फबारी हुई है। 9 से 11 फरवरी के बीच फिर से व्यापक बारिश और हिमपात की संभावना जताई गई है। 10 फरवरी को तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगह तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।