आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पर अरपोरा नाइट क्लब आग हादसे को लेकर तीखा हमला बोला है। दक्षिण गोवा के एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कम से कम मुख्यमंत्री को इस त्रासदी के लिए लोगों से माफी तो मांगनी चाहिए। इस दुर्घटना में 25 लोगों की मौत हुई थी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि नाइट क्लब बिना किसी आवश्यक अनुमति के चल रहा था और यह सब सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से संभव हुआ।
नाइट क्लब था अवैध, फिर भी मिली बिजली-पानी
केजरीवाल ने बताया कि बर्च बाय रोमियो लेन क्लब के पास न तो कब्जा प्रमाणपत्र, न व्यापार लाइसेंस, न निर्माण अनुमति फिर भी वह पूरी तरह संचालित हो रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि क्लब को बिजली और पानी का कनेक्शन भी रिश्वत देकर मिला। स्थानीय पंचायत द्वारा इमारत को एक साल पहले गिराने का आदेश देने के बावजूद क्लब खुला रहा। उन्होंने कहा कि यह संभव ही नहीं कि सरकार को इसकी जानकारी न हो। यह गोवा की अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है।
मालिकों को भागने देने का लगाया आरोप
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा को देश छोड़कर भागने दिया गया। उन्होंने कहा कि यह सीधी सरकारी लापरवाही और संरक्षण का संकेत है। पंजाब की आप सरकार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां 43,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मैं इंजीनियर हूं, मैं काम कर सकता हूं, गंदी राजनीति नहीं।