KGMU Intern Arrested: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी की नर्सिंग छात्रा से रेप के आरोप में एक इंटर्न डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। छात्रा ने आरोप लगाया कि पहले डॉक्टर ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी के सपने दिखाकर उसका शोषण किया। उसके बाद उसने छात्रा का वीडियो बनाया और उसे ब्लैकमेल करने लगा। अब इस मामले में आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
अलीगंज में पीजी में रहने वाली पीड़िता छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसकी जान‑पहचान कुछ समय पहले कैसरबाग स्थित आगा साहब की कोठी में रहने वाले डॉक्टर मोहम्मद आदिल से हुई थी। धीरे‑धीरे दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने शादी का वादा करके उसे अपने फ्लैट पर बुलाया। छात्रा का आरोप है कि इसी दौरान उसका शोषण किया गया।
शादी के लिए मुकर गया डॉक्टर
शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, जिससे उसे लगा कि आदिल सच में शादी करना चाहता है। हालांकि, जब उसने शादी की बात की, तो आरोपी टाल मटोल करने लगा और जब छात्रा ने उसपर दबाव बनाया, तो उसने शादी से साफ मना दिया। छात्रा ने ये भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को किया गिरफ्तार
इस मामले में डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता ने 29 दिसंबर को थाने में मामला दर्ज करवाया था। उसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन की। आरोपी को जब पुलिस एंगल के बारे में पता चला, तो वो फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की लोकेशन को सर्विलांस पर डाल दिया था, जिसके बाद उसे कैसरबाग के रेडक्रॉस अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी इंटर्न डॉक्टर आदिल को जेल भेज दिया गया है।