
पापा कल होटल पहुंचकर बात करूंगी... महाराष्ट्र के बारामती में हादसे का शिकार हुए विमान की परिचारिका (Flight Attendant) पिंकी माली की अपने पिता से यही आखिरी बातचीत हुई थी। पिता ने मंगलवार को पिंकी को फोन किया था। आज पिता यह कहते हुए वह रो पड़े कि अब उनकी बातचीत कभी नहीं हो पाएगी। विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और पिंकी समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
मध्य मुंबई में प्रभादेवी के निवासी शिवकुमार ने बेटी से आखिरी बार हुई बातचीत को याद करते हुए कहा कि उसने कहा था, 'पापा, मैं कल विमान में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ बारामती जाऊंगी। उन्हें वहां छोड़ने के बाद मैं नांदेड़ जाऊंगी और होटल पहुंचने के बाद आपसे बात करूंगी।' पिंकी दिल्ली में स्थित वीएसआर वेंचर्स के विमान 'लियरजेट 45' में एटेंडेंट थीं, जो बारामती हवाई अड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के दो सदस्यों समेत कुल पांच लोग सवार थे।
शिवकुमार ने कहा कि पिंकी इससे पहले राष्ट्रपति, मुख्यमंत्रियों और कई राजनीतिक नेताओं के साथ विमान में उड़ान भर चुकी थीं। उन्होंने कहा कि पिंकी चौथी बार अजित पवार के साथ विमान में रवाना हुई थीं। शिवकुमार ने नम आंखों के साथ कहा, 'मैंने कल शाम उससे बात की थी और उसने मुझे बताया था कि वह उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ बारामती जाएगी और फिर नांदेड़ रवाना होगी। मैंने उससे कहा था कि तुम्हारी ड्यूटी खत्म होने के बाद कल बात करेंगे। लेकिन वह कल अब कभी नहीं आएगा।'
शिवकुमार भी अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेता समाधान सर्वंकर ने उन्हें विमान हादसे के बारे में बताया। उन्होंने कहा, 'मैंने टीवी खोला। खबर देखकर मैं स्तब्ध रह गया।' दोनों बाप-बेटी की 16 जनवरी को मुलाकात हुई थी, जब पिंकी नगर निकाय चुनाव में वोट डालने के लिए ठाणे से प्रभादेवी पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि पिंकी पिछले पांच साल से विमान परिचारिका के तौर पर काम कर रही थी।
शिवकुमार ने कहा कि पिंकी ने अपना करियर एअर इंडिया से शुरू किया था और कुछ वर्ष बाद वह एक निजी चार्टर्ड फ्लाइट कंपनी में काम करने लगी थी।
शिवकुमार ने कहा, 'अजित पवार के साथ हालिया उड़ान के दौरान मेरी बेटी ने उनसे शिकायत की थी कि वह पूरे महाराष्ट्र की यात्रा कर रहे हैं लेकिन एनसीपी कार्यकर्ताओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे। जब पवार ने उससे पूछा कि उसे ऐसा क्यों लगा तो पिंकी ने उन्हें बताया कि मैं (शिवकुमार) 35 साल से एनसीपी का कार्यकर्ता हूं।'
उन्होंने कहा कि इस बातचीत के बाद पवार ने उन्हें कॉल की थी। शिवकुमार ने कहा, 'मैं कार चला रहा था, तब कॉल नहीं उठा पाया। इसके बाद मुझे संदेश मिला कि पवार मुझसे बात करना चाहते थे। वह कॉल भी कभी दोबारा नहीं आएगी।' दुर्घटना के बारे में पता चलने के बाद शिवकुमार और उनका परिवार बारामती के लिए रवाना हो गया। पवार और पिंकी के अलावा अन्य मृतकों की पहचान विदीप जाधव, कैप्टन शांभवी पाठक और कैप्टन सुमित कपूर के रूप में हुई है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.