Lionel Messi: हैदराबाद में आज 'मेसी मैजिक', 27 हजार टिकट बिके, जानें कितने बजे होगा मैच

आज 13 दिसंबर को हैदराबाद में लियोनल मेस्सी से जुड़ा खास फुटबॉल इवेंट आयोजित होगा। मैत्री मैच, पेनल्टी शूटआउट और फुटबॉल क्लिनिक कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। इस मैच के लिए लगभग 27 हजार टिकट बिक चुके हैं।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड13 Dec 2025, 10:59 AM IST
आज हैदराबाद में ‘मेसी मैजिक’, पेनल्टी शूटआउट के लिए स्टेडियम तैयार
आज हैदराबाद में ‘मेसी मैजिक’, पेनल्टी शूटआउट के लिए स्टेडियम तैयार(HT)

Lionel Messi: फुटबॉल के दीवानों के लिए हैदराबाद में शनिवार की शाम किसी त्योहार से कम नहीं होने वाली है। दुनिया के महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले लियोनल मेसी का जादू शहर में सिर चढ़कर बोलने वाला है। 13 दिसंबर को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक खास फुटबॉल इवेंट का गवाह बनेगा, जहां मेसी पेनल्टी शूटआउट और मैत्री मैच में नजर आएंगे।

मेसी के लिए पूरी तैयारी

लियोनल मेसी के ‘पेनल्टी शूटआउट’ इवेंट के लिए राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पूरी तरह से सज-संवर चुका है। शनिवार शाम यहां एक खास मैत्री मैच खेला जाएगा, जिसमें मेसी की टीम और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की टीम आमने-सामने होगी। इस खास मुकाबले को लेकर फुटबॉल फैन्स में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

इस फ्रेंडली मैच का फॉर्मेट

GOAT Tour Hyderabad की सलाहकार पार्वती रेड्डी के अनुसार, सिंगरेनी RR9 और अपर्णा-मेसी ऑल स्टार्स के बीच यह मैत्री मैच खेला जाएगा। दोनों टीमें करीब 15 से 20 मिनट तक मैदान पर भिड़ेंगी। मैच शुरू होने से ठीक पांच मिनट पहले मेसी और रेवंत रेड्डी साथ मिलकर बॉल ड्रिबल करते नजर आएंगे, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

पेनल्टी शूटआउट से होगा विजेता का फैसला

रेड्डी ने बताया कि मैत्री मैच के बाद विजेता टीम का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिए किया जाएगा। हर टीम को तीन-तीन पेनल्टी मिलेगी। इस शूटआउट को देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह रहने की उम्मीद है।

फोटो खिंचवाने के लिए दिए 10 लाख रुपये

कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा फुटबॉल क्लिनिक भी है। रेड्डी ने आगे बताया कि करीब 60 लोगों ने मेसी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए 10 लाख रुपये दिए हैं। इस राशि का इस्तेमाल फुटबॉल क्लिनिक के लिए किया जाएगा, जहां युवा खिलाड़ियों को दिग्गज फुटबॉलरों से सीखने का मौका मिलेगा। मैच के बाद करीब 25 से 30 मिनट तक चलने वाले इस क्लिनिक में 20 बच्चों को मेसी, रोड्रिगो डी पॉल और लुइस सुआरेज कोचिंग देंगे।

25 हजार से ज्यादा टिकट की बिक्री

कार्यक्रम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि अब तक लगभग 27 हजार टिकट बिक चुके हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि शनिवार शाम तक स्टेडियम लगभग पूरी तरह भर जाएगा। स्टेडियम की कुल क्षमता करीब 39 हजार दर्शकों की है।

सुरक्षा का पूरा इंतजाम

लियोनल मेसी शनिवार को शाम चार बजे हैदराबाद पहुंचेंगे और रविवार सुबह मुंबई के लिए रवाना होंगे। इस दौरान स्टेडियम और आसपास के इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। राचकोंडा पुलिस कमिश्नर सुधीर बाबू के मुताबिक, मेसी को Z कैटेगरी की सुरक्षा दी जाएगी और स्टेडियम में उनकी एंट्री अलग से तय की गई है। दर्शकों को शाम सात बजे खेल शुरू होने से तीन घंटे पहले स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति होगी।

मेसी से मिलने जाएंगे राहुल गांधी

रिपोर्ट्स है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शनिवार को फुटबॉल स्टार लियोनल मेसी से मिलने पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी दोपहर करीब 2:15 बजे दिल्ली से स्पेशल फ्लाइट से राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर सीधे फलकनुमा पैलेस होटल जाएंगे, जहां उनकी मेसी से मुलाकात होगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़Lionel Messi: हैदराबाद में आज 'मेसी मैजिक', 27 हजार टिकट बिके, जानें कितने बजे होगा मैच
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़Lionel Messi: हैदराबाद में आज 'मेसी मैजिक', 27 हजार टिकट बिके, जानें कितने बजे होगा मैच