LPG Crisis Fact Check: यूपी में सपा पार्षद के घर मिले 836 सिलेंडर? क्या है वायरल दावे का सच

LPG Crisis: देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस को लेकर चर्चा तेज है। कुछ जगहों पर लोगों को बुकिंग और सप्लाई में दिक्कत आ रही है, वहीं सोशल मीडिया पर एक अलग दावा भी वायरल हो रहा है। खबर है कि यूपी के सपा पार्षद अब्दुल करीम के घर से 836 सिलेंडर बरामद किए गए हैं।

Priya Shandilya
अपडेटेड14 Mar 2026, 06:11 AM IST
गैस की किल्लत के बीच UP में सपा पार्षद के घर से 836 सिलेंडर मिलने का दावा (सांकेतिक तस्वीर)
गैस की किल्लत के बीच UP में सपा पार्षद के घर से 836 सिलेंडर मिलने का दावा (सांकेतिक तस्वीर)(HT)

LPG Crisis: आजकल देश के कई हिस्सों में रसोई गैस (LPG) को लेकर गजब की अफरा-तफरी मची हुई है। कहीं गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं, तो कहीं लोग सुबह से ही सिलेंडर पाने के लिए अपनी दिहाड़ी और रोजमर्रा के काम छोड़कर भटक रहे हैं।

ऐसे माहौल में सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से फैलने लगी है, जिसमें दावा किया गया कि उत्तर प्रदेश में एक स्थानीय नेता के घर से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। हालांकि इस दावे की सच्चाई को लेकर भी बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे ताजा घटना बता रहे हैं, तो कुछ इसे पुरानी खबर कहकर सवाल उठा रहे हैं। आइए जानते हैं कि आखिर यूपी के इस पार्षद के घर से बरामद हुए सिलेंडरों का माजरा क्या है।

यूपी के पार्षद के घर 836 सिलेंडर: क्या है पूरा सच?

जहां एक ओर आम आदमी एक-एक सिलेंडर के लिए तरस रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाली खबर वायरल हो रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक यूजर ने एक दावा किया है कि उत्तर प्रदेश के हापुड़ में समाजवादी पार्टी (SP) के निगम पार्षद अब्दुल करीम के घर से पुलिस ने 836 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं।

दावा किया जा रहा है कि इन सिलेंडरों को कालाबाजारी के मकसद से जमा करके रखा गया था। खबर के फैलते ही पार्षद फरार बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस खबर को लेकर एक यूजर ने सवालभी उठाए हैं। यूजर का कहना है कि यह खबर पुरानी है और इसे वर्तमान गैस संकट से जोड़कर जानबूझकर वायरल किया जा रहा है। कुछ लोगों का दावा है कि यह घटना साल 2020 की है। लाइवमिंट स्वतंत्र रूप से इन दोनों ही दावों की पुष्टि नहीं करता है।

बिहार से पंजाब तक सिलेंडर के लिए मची होड़

सिलेंडर की किल्लत की खबरें आते ही लोग घबरा गए हैं। हर जगह से यही खबर है कि गैस एजेंसियों के आगे सिलेंडर लेने वालों की लंबी कतारें लगी हुई है। बिहार के पटना, भागलपुर और रोहतास जैसे जिलों में गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ है। लोग सर्वर डाउन होने और ओटीपी (OTP) न मिलने की शिकायत कर रहे हैं। प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए पटना में एक कंट्रोल रूम भी बना दिया है।

जालंधर और नागालैंड प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि स्टॉक की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेमतलब में जमाखोरी न करें। हरिद्वार के जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक कर बताया कि जिले में 42 एजेंसियां काम कर रही हैं। समस्या गैस की नहीं, बल्कि ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में आ रही तकनीकी खराबी की है।

मंत्रालय की सफाई, भारत के पास है पर्याप्त भंडार

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने साफ किया है कि भारत के पास पर्याप्त कच्चा तेल और रिफाइनिंग क्षमता है। उन्होंने कहा कि देश पेट्रोल-डीजल के मामले में आत्मनिर्भर है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। मंत्रालय के मुताबिक, कुछ बड़े शहरों में कमर्शियल उपभोक्ताओं को समस्या हो रही है, लेकिन घरेलू सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। सरकार ने सलाह दी है कि लोग घबराएं नहीं और जहां संभव हो, PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन की ओर बढ़ें।

अफवाहों से बचने की सलाह

गैस की सप्लाई को लेकर अलग-अलग खबरें और दावे सामने आ रहे हैं, जिससे लोगों में चिंता भी बढ़ रही है। लेकिन प्रशासन और सरकार का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है और आपूर्ति सामान्य है। ऐसे में एक्सपर्ट्स का कहना है कि लोगों को सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहना चाहिए और किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करनी चाहिए।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमन्यूज़LPG Crisis Fact Check: यूपी में सपा पार्षद के घर मिले 836 सिलेंडर? क्या है वायरल दावे का सच
More