
दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल की घोषणा की। बदलावों में अपराध, खुफिया, सतर्कता, यातायात और विशेष इकाइयों सहित प्रमुख शाखाओं में कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और तैनाती शामिल हैं। आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, पुलिस स्थापना बोर्ड (PEB) की सिफारिशों के बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इन बदलावों को मंजूरी दे दी।
अधिसूचना के अनुसार, भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 1994 बैच के अधिकारी नीरज ठाकुर को विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) नियुक्त किया गया है, जिससे लगभग पांच वर्षों के बाद दिल्ली में यातायात प्रबंधन के लिए एकीकृत कमान संरचना बहाल हो गई है। इसमें कहा गया है कि यह कदम त्योहारी मौसम के दौरान उच्च सुरक्षा वाले इलाकों और वीवीआईपी क्षेत्रों सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में अत्यधिक भीड़भाड़ की बार-बार आ रही शिकायतों के बीच उठाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य वाहनों से होने वाले उत्सर्जन से निपटने के लिए अधिक समन्वित उपाय सुनिश्चित करना है, जो सर्दियों में दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ाने में बड़ा योगदान देता है। अधिसूचना के मुताबिक, सरकार ने 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय चौधरी को विशेष पुलिस आयुक्त (सतर्कता प्रभाग) नियुक्त किया है और उन्हें महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई (ASPUWC) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। अजय चौधरी विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात क्षेत्र-2) के पद पर कार्यरत थे।
इसमें कहा गया है कि 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी के जेगादेसन को विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षात्मक सुरक्षा प्रभाग) के पद पर तैनात किया गया है और उन्हें दिल्ली पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (DPHCL) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। जेगादेसन यातायात क्षेत्र-1 के प्रमुख थे। अधिसूचना के अनुसार, 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल शुक्ला को विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) बनाया गया है और उन्हें प्रौद्योगिकी तथा पीआई प्रभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसमें कहा गया है कि 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी रॉबिन हिबू को सार्वजनिक परिवहन सुरक्षा से मानव संसाधन प्रभाग में विशेष पुलिस आयुक्त के रूप में, जबकि 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश खुराना को दिल्ली पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड से प्रावधान और वित्त प्रभाग में विशेष पुलिस आयुक्त के रूप में स्थानांतरित किया गया है।
अधिसूचना में कहा गया है कि 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) के पद पर बने रहेंगे और उन्हें ‘परसेप्शन मैनेजमेंट’ तथा मीडिया प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इसमें कहा गया है कि 1995 बैच के ही आईपीएस अधिकारी डेविड लालरिनसांगा को विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन-पीसीआर और संचार) बनाया गया है तथा उन्हें उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई (SPUNER) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। लालरिनसांगा अभी एसपीयूएनईआर और महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष पुलिस इकाई (SPUWAC) के विशेष पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यरत थे।
अधिसूचना के मुताबिक, 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी मनीष कुमार अग्रवाल को सार्वजनिक परिवहन सुरक्षा के अतिरिक्त प्रभार के साथ विशेष पुलिस आयुक्त (खुफिया प्रभाग) बनाया गया है। वह ऑपरेशन-पीसीआर और संचार के अतिरिक्त प्रभार के साथ प्रौद्योगिकी और पीआई प्रभाग के विशेष पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। अधिसूचना के अनुसार, 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी अतुल कटियार विशेष पुलिस आयुक्त (कल्याण प्रभाग) के पद पर बने रहेंगे और उन्हें लाइसेंसिंग एवं विधि प्रभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
अधिसूचना में कहा गया है कि 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी विजय कुमार को संयुक्त पुलिस आयुक्त (पुलिस आयुक्त सचिवालय और सीपी/दिल्ली के ओएसडी) के पद पर तैनात किया गया है, जबकि 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव रंजन सिंह को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) बनाया गया है। इसमें कहा गया है कि 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी रोहित राजबीर सिंह और 2016 बैच के विक्रम के पोरवाल को क्रमशः अपराध और प्रशासन के लिए पुलिस आयुक्त सचिवालय में डीसीपी नियुक्त किया गया है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.