
Mann ki Baat: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो क्रार्यक्रम मन की बात के जरिए देश की जनता को संबोधित किया। मन की बात कार्यक्रम का यह 125 वां एपिसोड है। यह कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए किया। पीएम मोदी ने बड़े पैमाने पर जानमाल के नुकसान की घटना पर दुख जताया।
पीएम मोदी ने कहा कि इस मानसून के मौसम में, प्राकृतिक आपदाएं देश की परीक्षा ले रही हैं। पिछले कुछ हफ़्तों में हमने बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही देखी है। घर तबाह हो गए, खेत पानी से लबालब भर गए। पानी के लगातार बढ़ते दबाव ने पुल-सड़कें बहा दीं और लोगों की जान खतरे में पड़ गई। इन घटनाओं ने हर भारतीय को दुखी किया है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनका दर्द हम सबका दर्द है।
मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर ने दो बड़ी उपलब्धियां भी हासिल की हैं। पुलवामा के स्टेडियम में रिकॉर्ड संख्या में लोग इकट्ठा हुए और यहां डे-नाइट क्रिकेट मैच खेला गया। पहले यह होना असंभव था, लेकिन अब मेरा देश बदल रहा है। यह मैच रॉयल प्रीमियर लीग का हिस्सा था। दूसरा आयोजन जिसने ध्यान खींचा, वह था देश का पहला 'खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल' और वह भी श्रीनगर की डल झील में आयोजित हुआ। सचमुच, इस तरह के फेस्टिवल की मेजबानी के लिए यह एक विशेष स्थान है।
इसका मकसद जम्मू-कश्मीर में वाटर स्पोर्ट्स को और अधिक लोकप्रिय बनाना है। पूरे भारत से 800 से अधिक एथलीटों ने इसमें भाग लिया। महिला एथलीट भी पीछे नहीं रहीं, उनकी भागीदारी पुरुषों के लगभग बराबर थी। मैं सभी प्रतिभागियों को बधाई देना चाहता हूं। मध्य प्रदेश को विशेष बधाई, जिसने सबसे अधिक पदक जीते, उसके बाद हरियाणा और ओडिशा का स्थान रहा।
‘मन की बात’ अक्टूबर 2014 में शुरू हुई एक ऐतिहासिक पहल है। इस कार्यक्रम ने प्रधानमंत्री और जनता के बीच संवाद का सीधा सेतु बनाया है। इसके माध्यम से मोदी स्वच्छ भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक नवाचार जैसे मुद्दों पर जनता से सीधा संवाद करते रहे हैं।