Mathura News: उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र में भीषण हादसे की खबर सामने आई है। यमुना नदी में एक स्टीमर पलट गया है। बताया जा रहा है कि इस स्टीमर में 30 लोग सवार थे इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल है। मथुरा के जिला अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इस घटना की जानकारी दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि कई लोगों की डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
इस हादसे को लेकर जिले के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि यमुना नदी में 2:45 बजे एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। लुधियाना से लगभग 30 लोग आए थे, जो नावों में यमुना नदी भ्रमण रहे थे। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना केसी घाट के पास हुई, जिसमें एक नाव डूब गई। बिहारी जी की कृपा से सभी लोग बचा लिए जाएंगे, हमने यहां के आर्मी स्टेशन से मदद के लिए संपर्क किया है।
डीएम ने कहा कि हमारा काम लोगों की जान बचाना है, अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। रामकृष्ण मिशन अस्पताल हमारा सबसे बड़ा अस्पताल है, हमने इसे हाई अलर्ट पर रखा है।
CM योगी ने हादसे का संज्ञान लिया
केसी घाट मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद हैं। लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचना शुरू हो गए हैं। स्टीमर हादसे का CM योगी ने भी संज्ञान लिया। CM योगी ने अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जानिए कैसे हुआ हादसा
केसी घाट श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर है। SDRF और NDRF के जवान मौके पर बचाव और राहत कार्य में लगे है। वहीं स्थानीय पुलिस और 50 गोताखोर भी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। गोताखोर गुलाब ने बताया कि डूबे 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। एक पीड़ित पर्यटक ने बताया, " हम सभी जगराओं (लुधियाना) से आए हैं। तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में स्टीमर अचानक तेज हवा से डगमगाने लगा। स्पीड भी बढ़ गई। तभी स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया।
(वार्ता की खबर से इनपुट के साथ)