दिल्ली में आवारा कुत्तों पर आया बड़ा अपडेट, एमसीडी करने जा रहा है यह काम

दिल्ली नगर निगम आवारा कुत्तों के टीकाकरण और माइक्रोचिप लगाने के लिए 35 करोड़ रुपये का बजट आवंटित करेगा। इसका उद्देश्य कुत्तों की संख्या का बेहतर प्रबंधन करना है।

एडिटेड बाय Naveen Kumar Pandey( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड17 Jan 2026, 09:03 PM IST
दिल्ली में आवारा कुत्तों में लगाए जाएंगे माइक्रो चिप (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली में आवारा कुत्तों में लगाए जाएंगे माइक्रो चिप (सांकेतिक तस्वीर)

दिल्ली में आवारा कुत्तों पर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने आवारा कुत्तों पर माइक्रोचिप लगाने और टीकाकरण करने की ठानी है। इसके लिए एमसीडी के आगामी बजट में लगभग 35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा।

आवारा कुत्तों में फिट किए जाएंगे माइक्रो चिप

माइक्रोचिप लगाने की प्रक्रिया में किसी जानवर की त्वचा के नीचे एक इंटिग्रेटेड चिप लगाई जाती है। इसी चिप के जरिए कुत्ते के उसके टीकाकरण का रिकॉर्ड, स्थान और पहचान जैसी जानकारियां दर्ज की जाती हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि यह बजटीय प्रावधान दिल्ली में आवारा कुत्तों की आबादी के बेहतर प्रबंधन के लिए किया जा रहा है, जो सार्वजनिक सुरक्षा और पशु स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंताओं को दर्शाता है।

अधिकारियों के मुताबिक, इस राशि में से 20 करोड़ रुपये नगर निगम सीधे खर्च करेगा, जबकि शेष 15 करोड़ रुपये पशु कल्याण के क्षेत्र में काम करने का अनुभव रखने वाले गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ साझेदारी के माध्यम से खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा, 'एनजीओ के साथ यह तालमेल आवारा कुत्तों के टीकाकरण और उनकी निगरानी के लिए जरूरी जमीनी कामकाज का दायरा बढ़ाने और उसे तेज करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।'

25 हजार कुत्तों में लगेंगे माइक्रो चिप

अधिकारियों ने बताया कि निगम ने अगले 2-3 महीनों में दिल्ली में कम से कम 25,000 कुत्तों पर माइक्रो चिप लगाने और टीकाकरण का लक्ष्य भी तय किया है।

उन्होंने कहा, 'माइक्रोचिप से टीकाकरण का रिकॉर्ड, स्थान और पहचान जैसी अहम जानकारियां दर्ज की जा सकेंगी, जिनका इस्तेमाल आगे चलकर स्वास्थ्य की निगरानी करने और कुत्तों के काटने या बीमारी के प्रकोप जैसी स्थितियों में त्वरित कदम उठाने के लिए किया जा सकेगा।' उन्होंने यह भी बताया कि एक माइक्रोचिप की लागत लगभग 300 रुपये होगी।

बंदरों को पकड़ने पर भी है एमसीडी का ध्यान

निगम मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के प्रयास के तहत बंदरों को पकड़ने और उनका स्थानांतरण करने के लिए 60 लाख रुपये के प्रावधान की भी योजना बना रहा है। एक अधिकारी ने कहा, 'हमने पिछले साल की तुलना में बंदरों को पकड़ने और उनका स्थानांतरण करने के लिए आवंटित राशि को दोगुना कर दिया है।'

दिल्ली सरकार ने हाल में कहा था कि पिछले पांच वर्षों में विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक इलाकों से नगर निकायों द्वारा 6,500 से अधिक बंदरों को असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य में स्थानांतरित किया गया है। नगर निगम के अनुसार, 2026-27 के बजट में पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए 131.06 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़दिल्ली में आवारा कुत्तों पर आया बड़ा अपडेट, एमसीडी करने जा रहा है यह काम
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़दिल्ली में आवारा कुत्तों पर आया बड़ा अपडेट, एमसीडी करने जा रहा है यह काम