नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.2 डिग्री अधिक है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 6 जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है। जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री तक कम हो जाता है, तब शीतलहर घोषित की जाती है।
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में यह 7.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है। लोधी रोड में तापमान 8 डिग्री रहा, जो औसत से 2 डिग्री अधिक है।
रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा है। वहीं, आयानगर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है।
सुबह 9 बजे दिल्ली में नमी का स्तर 95 प्रतिशत दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 240 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
एक्यूआई के अनुसार, 0 से 50 तक हवा ‘अच्छी’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच हवा ‘गंभीर’ मानी जाती है।