
इंडिगो एयरलाइंस को देश ही नहीं पूरी दुनिया में सबसे कम खर्च में चलने वाली और सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली एयरलाइंस कंपनी के रूप में जाना जाता था। पूरी दुनिया में इंडिगो यानी इंटर ग्लोब एविएशन कंपनी के ऑपरेशनल सिस्टम की मिसाल दी जाती थी। लेकिन पिछले एक सप्ताह से कंपनी ने कुछ ऐसा किया है जिससे उसकी इज्जत-प्रतिष्ठा, उनकी ब्रांड वैल्यू और कंपनी की पूंजी सब पर बुरा प्रभाव पड़ता नजर आ रहा है। कंपनी की अभी तक 1400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, देश में हर आम और खास लोग इसके बारे में बात कर रहे हैं लेकिन सवाल ये उठता है कि कंपनी के मालिक ने आखिर चुप्पी क्यों नहीं तोड़ी है।
इंडिगो कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीएफओ गौरव नेगी ने मौजूदा संकट पर मीडिया से बात की और अपनी राय दी है। उन्होंने इंजन की आपूर्ति श्रृंखला की समस्याओं, विमानों को ग्राउंड करने की मजबूरी और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात की है। पीटर एल्बर्स ने समाचार एजेंसियों और इकोनॉमिक टाइम्स को इंटरव्यू दिए हैं। जिसमें उन्होंने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और समाधान के लिए चल रहे प्रयासों का जिक्र किया।
इंडिगो एयरलाइन पिछले कई दिनों से एक बड़े संकट का सामना कर रही है, पिछले 6 दिनों में 1400 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इन सब के अलावा क्रू और पायलटों की कमी के चलते कई अन्य उड़ानों में भी देरी हुई है। ऐसे में कंपनी के मालिक राहुल भाटिया की चुप्पी पर लोग सवाल उठा रहे हैं। दुनिया भर में तमाम तरह का व्यापार करने वाले राहुल भाटिया की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा मुनाफा देने वाली कंपनी इंडिगो एयरलाइंस है।
इंडिगो एयरलाइंस या इंटर ग्लोब एविएशन कंपनी के संस्थापक राहुल भाटिया हैं जो भारतीय बिजनेसमैन हैं। वो इंटर ग्लोबल एंटरप्राइजेज के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर और इंडिगो की पैरंट कंपनी इंटरग्लोब एवियशन के प्रमोटर और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। राहुल भाटिया ने इस कंपनी की शुरूआत साल 2006 में की थी उसके बाद से उनकी कंपनी दिन दूनी और रात चौगुनी तरक्की करती गई। भारत के आधे से ज्यादा एविएशन सेक्टर पर कंपनी का कब्जा है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से इंडिगो अपने सबसे बुरे दौर से गुजार रही है।
राहुल भाटिया सिर्फ इंडिगो कंपनी के संस्थापक नहीं हैं बल्कि दुनिया के करीब 30 से ज्यादा देशों में उनका कारोबार फैला है। उनके बिजनेस इंटरेस्ट कई इंडस्ट्री में फैले हुए हैं, जिसमें इंटरग्लोब ने ट्रैवल, हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स और टेक्नोलॉजी के आसपास एक फैला हुआ इकोसिस्टम बनाया है। इंडिगो फ्रेंच हॉस्पिटैलिटी दिग्गज कंपनी एकॉर के साथ ज्वाइंट वेंचर इंटरग्लोब होटल के जरिए होटल ऑपरेट करती है। इंटरग्लोब लॉजिस्टिक्स सेवाओं में भी काम करता है, ये सप्लाई चेन ऑपरेशन, कार्गो ट्रांसपोर्टेशन और एविएशन से जुड़े फ्रेट मूवमेंट को सपोर्ट करता है।
इंडिगो एयरलाइंस एडवांस्ड पायलेट ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाती है, एयरक्राफ्ट मैनेजमेंट इंजीनियरिंग सेवाएं देती है और ग्लोबल एविएशन सर्विस में इनकी एक बड़ी भागीदारी है। इसके अलावा कंपनी इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज टेक्नोलॉजी आधारित बिजनेस में इनवेस्ट करती है। ये डिजिटल सेवा और स्मार्ट टैक्स सॉल्यूशन में भी विस्तार कर रही है। इस विस्तार में सॉफ्टवेयर प्लेटफार्म, ऑपरेशनल टेक टूल्स और ऑटोमेशन फोकस्ड सॉल्यूशन शामिल है। इन सबसे अहम इंडिगो AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में भी तेजी से अपने कदम बढ़ा रही है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.