
Mumbai Metro: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लोकल ट्रेन लाइफ लाइन मानी जाती है। अब इसी कड़ी में मुंबई मेट्रो भी शामिल होने वाली है। मुंबई मेट्रो को यात्रियों की ओर से बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है। मेट्रो में यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इस बीच दिव्यांग यात्रियों को किराए में छूट देने की मांग की गई है। मेट्रो रेल प्रशासन की ओर से दिव्यांग यात्रियों को मौजूदा समय में 25 फीसदी किराए में छूट मिलती है। इस बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने राज्य सरकार से दिव्यांग यात्रियों के लिए किराए में 100 फीसदी छूट देने की मांग की है।
वरिष्ठ पत्रकार और दिव्यांग कार्यकर्ता दीपक कैतके की ओर से उठाई गई इस मांग का पूर्ण समर्थन करते हुए आठवले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस विषय पर आधिकारिक पत्र भेजा है। अपने पत्र में आठवले ने कहा है कि दिव्यांग यात्री आर्थिक रूप से सक्षम नहीं होते हैं। यह मेट्रो ही उनके लिए सुविधाजनक, सुरक्षित और समय पर पहुंचने वाला माध्यम है। ऐसे में मेट्रो यात्रा को 100% मुफ्त करना अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार ने भले ही दिव्यांगों के लिए कई योजनाएं शुरू की हों, लेकिन मेट्रो में मुफ्त यात्रा सुविधा उनके दैनिक जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राहत दे सकती है। इस बात का जिक्र भी पत्र में किया गया है।
आठवले के हस्तक्षेप के बाद अब इस मुद्दे पर राज्य सरकार का निर्णय तेज होने की संभावना बढ़ गई है। दिव्यांगों के न्याय और अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे वरिष्ठ पत्रकार दीपक कैतके पिछले कई दिनों से इस माग को लगातार प्रमुखता से उठा रहे थे। मुंबई सहित महानगरों में मेट्रो नेटवर्क बढ़ने के चलते हजारों दिव्यांग यात्रियों को रोज भारी खर्च का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मेट्रो में 100% छूट उनके लिए बेहद लाभकारी साबित होगी, यह बात भी आठवले ने अपने पत्र में स्पष्ट की है। राज्य में स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के चुनावों की पृष्ठभूमि पर, दिव्यांगों के मुद्दों को केंद्र सरकार से मिला यह मजबूत समर्थन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब मुख्यमंत्री फडणवीस इस मांग पर कितनी जल्दी निर्णय लेते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
मौजूदा समय में मुंबई मेट्रो में दिव्यांग यात्रियों को किराए में 25 फीसदी छूट मिलती है। हालांकि अभी तक एक्वा लाइन (मेट्रो लाइन -3) में छूट लागू नहीं हुई है। आधिकारिक बयान में कहा गया था कि दिव्यांग यात्रियों को 23 नवंबर 2025 से 25 फीसदी छूट मिलेगी। वहीं लाइन 2 A ( D.N. नगर से दहिसर) और मेट्रो 7 (गुंदवली से दहिसर) और मेट्रो - 1 (घाटकोपर से वर्सोवा) तक दिव्यांग यात्रियों को किराए में 25 फीसदी की छूट मिलती है। बता दें कि राज्य में एकनाथ शिंदे की सरकार में मेट्रो 2 A और मेट्रो 7 में यह छूट दी गई थी।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.