Pankaj Chaudhary Profile: नगर निगम से केंद्रीय मंत्री और अब UP बीजेपी के अध्यक्ष, पंकज चौधरी को जानिए

Pankaj Chaudhary News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उनकका राजनीतिक जीवन 1991 में 10वीं लोकसभा के लिए चुने जाने के साथ शुरू हुआ।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड14 Dec 2025, 02:46 PM IST
पंकज चौधरी।
पंकज चौधरी।

Who is Pankaj Chaudhary: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक अनुभवी नेता और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश में पार्टी के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पंकज चौधरी के चयन की घोषणा की। पंकज चौधरी राजनेता के साथ-साथ एक बिजनेसमैन भी हैं। हरबंशराम भगवानदास नाम की उनकी कंपनी आर्युवेदिक तेल ‘राहत रूह’ बनाती है जो पूर्वांचल में काफी प्रसिद्ध है।

उत्तर प्रदेश के नए बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी सीएम योगी के क्षेत्र गोरखपुर से आते हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत 1989 में गोरखपुर नगर निगम के सदस्य के तौर पर हुई थी। 1991 में, उन्हें पहली बार 10वीं लोकसभा के लिए महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से चुना गया और तब से वह भारतीय संसद में लगातार सक्रिय रहे हैं। महाराजगंज सीट से ही सात बार लोकसभा का चुनाव जीतने वाले पंकज चौधरी वर्तमान में केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

प्रारंभिक जीवन और शिक्षा

पंकज चौधरी का जन्म 20 नवंबर, 1964 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हुआ था। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री प्राप्त की है। राजनीति में आने से पहले ही वह सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में काफी सक्रिय रहे हैं।

यह भी पढ़ें | यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष बने पंकज चौधरी, सीएम योगी आदित्यनाथ से कैसा है संबंध?

शुरुआती राजनीतिक सफर

चौधरी ने 1989-91 के दौरान गोरखपुर नगर निगम के सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। 1990-91 में उन्होंने डिप्टी मेयर का पद भी संभाला। 1991 में वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) की कार्य समिति के सदस्य बने। इसी साल, उन्हें पहली बार 10वीं लोकसभा के लिए चुना गया।

छह बार लोकसभा सदस्य का अनुभव

पंकज चौधरी का संसद में लंबा अनुभव है। वह 1991 (10वीं), 1996 (11वीं), 1998 (12वीं), 2004 (14वीं), 2014 (16वीं) और 2019 (17वीं) और 2024 (18वीं) में सात बार लोकसभा के लिए चुने गए। अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान, उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों में अपनी सेवा दी। इनमें 'विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और वन संबंधी स्थायी समिति', 'रेलवे संबंधी स्थायी समिति' और 'सार्वजनिक उपक्रम समिति' प्रमुख हैं। इसके अलावा, वह ग्रामीण विकास मंत्रालय और पंचायती राज मंत्रालय की परामर्शदात्री समितियों के सदस्य भी रहे हैं।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी

7 जुलाई, 2021 से पंकज चौधरी केंद्र सरकार में राज्य मंत्री, वित्त मंत्रालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस पद पर रहते हुए वह देश की आर्थिक और वित्तीय नीतियों के निर्माण में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। 14 दिसंबर, 2025 को पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष चुन लिए गए।

सामाजिक सरोकार और व्यक्तिगत रुचियां

पंकज चौधरी राजनीति के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों में भी गहरी रुचि रखते हैं। वह गरीबों और दलितों के उत्थान के लिए काम करते हैं। इसके अलावा, उन्होंने धर्मशालाओं, स्कूलों और कुओं के निर्माण जैसे काम भी किए हैं। वह आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग और दिव्यांग छात्रों को सहायता प्रदान करने पर भी ध्यान केंद्रित करते हैं। उनकी रुचियों में सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, ऐतिहासिक स्थानों का दौरा करना, किताबें पढ़ना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट एवं बैडमिंटन टूर्नामेंट देखना शामिल है। वह महाराजगंज जिले के 'जिला बैडमिंटन संघ' के अध्यक्ष भी हैं।

2027 विधानसभा चुनाव जिताने की जिम्मेदारी

पंकज चौधरी को बीजेपी के संगठन में काम करने का कोई खास अनुभव नहीं है। वो अब तक अपने लोकसभा चुनाव क्षेत्र तक ही सीमित रहे हैं। लेकिन पार्टी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाकर उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में जीत दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। पंकज चौधरी का सबसे बड़ा दायित्व यूपी में कुर्मी समाज के वोटरों को फिर से बीजेपी की तरफ लाने की होगी जो 2024 के लोकसभा चुनाव में छिटककर समाजवादी पार्टी (सपा) की तरफ चले गए हैं।

बहरहाल, यूपी बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव के वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दोनों डिप्टी सीएम, कई बड़े नेताओं और बड़ी संख्या में उमड़े कार्यकर्ताओं के साथ मौके मौजूद रहे। योगी समेत अन्य नेताओं ने पंकज चौधरी को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़Pankaj Chaudhary Profile: नगर निगम से केंद्रीय मंत्री और अब UP बीजेपी के अध्यक्ष, पंकज चौधरी को जानिए
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़Pankaj Chaudhary Profile: नगर निगम से केंद्रीय मंत्री और अब UP बीजेपी के अध्यक्ष, पंकज चौधरी को जानिए
OPEN IN APP