NEET 2026: नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार (15 मई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि छात्रों का हित सरकार की पहली प्राथमिकता है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने नीट परीक्षा में अगले साल से होने वाले बड़े बदलाव के बारे में बताया। प्रधान ने कहा कि अगले साल से नीट की परीक्षा ओएमआर सीट के बजाय कंप्यूटर बेस्ड होगी।
उन्होंने काह कि छात्रों को नीट-यूजी की दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए अपनी सुविधानुसार शहर चुनने के लिए एक हफ्ते का समय मिलेगा। प्रवेश पत्र 14 जून तक जारी किए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधान ने कहा कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस महीने की परीक्षा रद्द करने का फैसला मेधावी छात्रों के हित में लिया गया है।
CBI कर रही है जांच
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 3 मई को नीट की परीक्षा हुई थी। 7 मई को खबर सामने आई कि गेस पेपर वाले सवाल ही नीट परीक्षा में आए हैं। हमने तुरंत प्रारंभिक जांच की। मामला एजेंसियों को सौंप दिया गया। 8 मई को जांच की प्रक्रिया शुरु हुई और 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। शिक्षा माफियाओं को हराने के लिए ये फैसला छात्रों के हित में लिया गया है। उन्होंने ये भी कहा कि सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। गड़बड़ी की कोशिश करने वालों को सजा दी जाएगी। दोबारा परीक्षा देने में छात्रों पर कोई आर्थिक बोझ न आए इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
'कोई गड़बड़ी नहीं करेंगे बर्दाश्त'
उन्होंने आगे कहा, 'हमने आज (15 मई) को परीक्षा की नई तारीख की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक लंबी लड़ाई है। सरकार ने जांच CBI को सौंपी है। सीबीआई ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी विभागों ने इसे गंभीरता से लिया है। इस बार हम किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह निर्णय छात्रों के हित में लिया गया है।
NTA 21 जून को कराएगा NEET (UG) 2026 परीक्षा
NEET (UG) 2026 परीक्षा अब 21 जून को दोबारा कराई जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार (15 मई) को एग्जाम की नई तारीख का ऐलान किया है। यह परीक्षा पहले तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक होने के चलते इसे रद्द कर दिया गया था।