
नई दिल्ली: एमबीबीएस और अन्य स्नातक मेडिकल कोर्स में अखिल भारतीय कोटा (AIQ) के तहत दाखिले के लिए NEET UG 2026 काउंसलिंग का पहला चरण 4 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए सत्र की पढ़ाई 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
एमसीसी के अनुसार, अखिल भारतीय कोटा, डीम्ड यूनिवर्सिटी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सीटों के लिए काउंसलिंग का पहला चरण 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इस राउंड में सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 22 अगस्त तक संबंधित संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इसके बाद दूसरे चरण की काउंसलिंग 24 अगस्त से 2 सितंबर तक होगी। वहीं, तीसरा चरण 10 सितंबर से 18 सितंबर के बीच आयोजित किया जाएगा।
राज्य कोटा की सीटों के लिए पहले राउंड की काउंसलिंग 13 अगस्त से 22 अगस्त तक चलेगी। इस राउंड में चयनित अभ्यर्थियों को 28 अगस्त तक कॉलेज में रिपोर्ट करके दाखिला लेना होगा। राज्य कोटा का दूसरा चरण 31 अगस्त से 8 सितंबर और तीसरा चरण 16 सितंबर से 26 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
एमसीसी ने इस साल काउंसलिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए तीन अहम बदलाव किए हैं।
यदि किसी उम्मीदवार को सीट मिल जाती है और वह अगले राउंड में अपग्रेड का विकल्प चुनता है, तो अब उसे पहले मिले कॉलेज में जाकर फिजिकल रिपोर्टिंग नहीं करनी होगी। उसकी सीट काउंसलिंग सिस्टम में सुरक्षित रहेगी और वह अगले राउंड में भी हिस्सा ले सकेगा।
जो उम्मीदवार काउंसलिंग के दौरान अपनी अलॉट हुई सीट छोड़ना चाहते हैं, वे अब यह प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी कर सकते हैं। उन्हें तय समय सीमा के भीतर एमसीसी के काउंसलिंग पोर्टल पर जाकर सीट छोड़ने का अनुरोध दर्ज करना होगा।
एनआरआई कोटा के तहत आरक्षण का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों के लिए भी प्रक्रिया आसान की गई है। अब वे आवश्यक दस्तावेज एमसीसी के ऑनलाइन पोर्टल पर ही अपलोड कर सकेंगे। इससे उन्हें दस्तावेज जमा कराने के लिए अलग से कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.