What's Closed What's Open today: नए साल की शुरुआत पूरे देश में जोश और उत्साह के साथ हुई है। कहीं आतिशबाजी, तो कहीं मंदिरों और गुरुद्वारों में माथा टेकते लोग नजर आए। लेकिन जश्न के बीच कई लोगों को इस बात का कन्फ्यूजन भी है कि आज कौन से दफ्तर खुले हैं और कहां छुट्टी है? खासकर स्कूल, बैंक और सरकारी दफ्तरों को लेकर लोगों में थोड़ी उलझन देखने को मिल रही है।
सरकारी दफ्तर और दफ्तरों का हाल
नए साल के मौके पर ज्यादातर सरकारी दफ्तर खुले हैं, क्योंकि 1 जनवरी अधिकतर राज्यों में सामान्य कार्यदिवस माना जाता है। हालांकि कुछ राज्यों में स्थानीय छुट्टियों के चलते दफ्तर बंद भी रखे गए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि जरूरी काम से पहले अपने इलाके की स्थिति जरूर जांच लें।
स्कूल-कॉलेज बंद या खुले?
देशभर के अधिकांश स्कूल और कॉलेज में नए साल की छुट्टी नहीं है। हालांकि, ठंड और कोहरे को देखते हुए कुछ राज्यों में स्कूल बंद है और कई जगह छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। पंजाब में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 7 जनवरी तक बंद रखने का ऐलान किया है। गुवाहाटी में भी स्कूल एक हफ्ते बंद रहेंगे और 7 जनवरी को फिर से खुलेंगे।
बैंक और स्टॉक मार्केट
RBI की हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक, 1 जनवरी को कुछ शहरों में बैंक बंद रहेंगे। आइजोल, चेन्नई, गंगटोक, इम्फाल, ईटानगर, कोलकाता और शिलॉन्ग में बैंक बंद रहेंगे, जबकि देश के बाकी जगहों पर बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। बैंक के अलावा आज स्टॉक मार्केट (BSE और NSE) भी खुला रहेगा।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और जरूरी सेवाएं
नए साल पर सार्वजनिक परिवहन सेवाएं जैसे मेट्रो, बसें और टैक्सी सामान्य रूप से चलेंगी। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। आपात सेवाएं, अस्पताल और पुलिस सेवाएं बिना किसी रुकावट के चालू रहेंगी।
नए साल का जश्न 31 दिसंबर की आधी रात को पूरे देश में जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। ठंड और सुरक्षा इंतजामों के बीच लोगों ने 2026 का स्वागत किया। वहीं, छुट्टियों और कामकाज की स्थिति को लेकर सरकार ने साफ कर दिया है कि ज्यादातर सेवाएं चालू रहेंगी।