NIA Action: प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बंगलादेश (JMB) के 11 संदिग्धों के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने चार्जशीट दाखिल की है। इन 11 संदिग्धों के खिलाफ आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने के आरोप में असम में गुवाहाटी की स्पेशल NIA कोर्ट के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया है। NIA की जांच से पता चला कि इन आरोपियों ने JBM के ही एक और रूप इमाम महमूदूर काफिला (IMK) की साजिश में सक्रिय रूप से साथ दिया था। इस साजिश का मकसद पश्चिम बंगाल समेत असम और त्रिपुरा जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में इस आतंकवादी संगठन की विचारधारा फैलाना था।
नेटवर्क विस्तार की साजिश
इस साजिश में आतंकवादी संगठन के कट्टरपंथी एजेंडे को बढ़ावा देना, संवेदनशील युवाओं को कट्टरपंथी बनाना और देश में संगठन के नेटवर्क का विस्तार करना शामिल था। आतंकवाद विरोधी संगठन की जांच से पता चला कि जेबीएम के वरिष्ठ सदस्य इमाम महमूद हबीबुल्लाह ने भारतीय धरती पर प्रतिबंधित संगठन के एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए IMK की स्थापना की थी।
देश विरोधी प्रचार करते थे आरोपी
NIA की जांच में यह भी खुलासा हुआ था कि आरोप पत्र में शामिल 11 आरोपियों ने गुप्त बैठकें, धार्मिक प्रचार कार्यक्रम, चरमपंथी साहित्य के वितरण और देश विरोधी प्रचार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर भारत में आईएमके/जेबीएम की उपस्थिति बढ़ाने की साजिश रची थी। वे आईएमके/जेबीएम के नेतृत्व के प्रति निष्ठा को बढ़ावा दे रहे थे।
NIA ने बरामद किए कई सबूत
आरोप पत्र में शामिल दो मुख्य आरोपियों की पहचान नसीमुद्दीन और जागीर मिया के रूप में हुई है, जो क्रमश: असम और त्रिपुरा में आईएमके की गतिविधियों का नेतृत्व कर रहे थे। जांच में एनआईए ने आपत्तिजनक दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल रिकॉर्ड की एक सीरीज का पता लगाया, जिनका इस्तेमाल आरोपियों के खिलाफ मामला तैयार करने के लिए किया गया।