पहलगाम आतंकी हमले में NIA ने दाखिल की चार्जशीट, लश्कर कमांडर साजिद जट्ट को बताया मास्टरमाइंड, 10 लाख का इनाम घोषित

NIA ने पहलगाम आतंकी हमले में चार्जशीट दाखिल कर लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर साजिद जट्ट को मास्टरमाइंड घोषित किया है। साजिद TRF का चीफ है और उस पर 10 लाख रुपए का इनाम है। जांच में स्थानीय मददगारों की भूमिका सामने आई है। NIA ने 1,000 से अधिक लोगों से पूछताछ कर आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा कसा है।

Rishabh Shukla
अपडेटेड15 Dec 2025, 09:26 PM IST
पहलगाम आतंकी हमले में NIA की चार्जशीट दाखिल
पहलगाम आतंकी हमले में NIA की चार्जशीट दाखिल

NIA ने पहलगाम आतंकी हमले में चार्जशीट दाखिल कर लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर साजिद जट्ट को मास्टरमाइंड घोषित किया है। साजिद TRF का चीफ है और उस पर 10 लाख रुपए का इनाम है। जांच में स्थानीय मददगारों की भूमिका सामने आई है। NIA ने 1,000 से अधिक लोगों से पूछताछ कर आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा कसा है।

पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड साजिद

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आज जम्मू की विशेष NIA अदालत में पहलगाम आतंकी हमले के मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी। इस चार्जशीट में लश्कर-ए-तैयबा के कुख्यात आतंकवादी साजिद जट्ट को हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। NIA ने साजिद जट्ट पर 10 लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया है। एजेंसी ने तय 180 दिनों की समय-सीमा से पहले, 15 दिसंबर को चार्जशीट दाखिल कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

स्थानीय मददगारों की भूमिका उजागर

NIA के अनुसार, पहलगाम के निवासी बशीर अहमद जोथर और परवेज अहमद जोथर को 22 जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था। इन पर तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों सुलेमान शाह, हमजा अफगानी उर्फ अफगानी और जिब्रान को पनाह देने और लॉजिस्टिकल सपोर्ट देने का आरोप है। जांच एजेंसी ने अदालत से अतिरिक्त 45 दिनों का समय मांगा था, जिसे मंजूरी दी गई। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद में हमले में पाकिस्तान स्थित आतंकियों की संलिप्तता की पुष्टि कर चुके हैं।

कौन है सैफुल्लाह साजिद जट्ट?

NIA की चार्जशीट के मुताबिक, सैफुल्लाह साजिद जट्ट पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कसूर जिले का निवासी है और लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर है। आतंकी संगठन में वह हाफिज सईद के बाद तीसरे नंबर का नेता माना जाता है। साजिद लश्कर के प्रॉक्सी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) का प्रमुख है, जो जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं को अंजाम देता है। भारत सरकार ने TRF को वर्ष 2023 में UAPA के तहत प्रतिबंधित कर दिया था।

1,000 से ज्यादा लोगों से पूछताछ, जांच जारी

NIA ने इस मामले में अब तक 1,000 से अधिक लोगों से पूछताछ की है, जिनमें पर्यटक, टट्टू मालिक, दुकानदार और स्थानीय कर्मचारी शामिल हैं। एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, मोबाइल डेटा विश्लेषण और ओवरग्राउंड वर्कर्स की भूमिका की जांच अभी जारी है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को बैसरन घाटी में हुए इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़पहलगाम आतंकी हमले में NIA ने दाखिल की चार्जशीट, लश्कर कमांडर साजिद जट्ट को बताया मास्टरमाइंड, 10 लाख का इनाम घोषित
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़पहलगाम आतंकी हमले में NIA ने दाखिल की चार्जशीट, लश्कर कमांडर साजिद जट्ट को बताया मास्टरमाइंड, 10 लाख का इनाम घोषित