वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेना ने कराकस स्थित उनके सैन्य अड्डे पर देर रात अचानक छापा मारकर पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें रविवार को न्यूयॉर्क लाया गया। हथकड़ी लगाए मादुरो को मैनहैटन में अमेरिकी ड्रग प्रवर्तन एजेंसी (DEA) के मुख्यालय ले जाया गया।
DEA दफ्तर में ले जाते समय मादुरो शांत दिखे और अधिकारियों को “गुड नाइट, हैप्पी न्यू ईयर” कहते हुए मुस्कराते नजर आए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पहले न्यूयॉर्क राज्य के स्टुअर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर पहुंचे। वहां से उन्हें हेलिकॉप्टर से मैनहैटन स्थित DEA कार्यालय और फिर ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर ले जाया गया।
न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद मादुरो को मैनहैटन की संघीय अदालत में पेश किया जाना था। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने बताया कि मादुरो पर नशीले पदार्थों की तस्करी, नार्को-आतंकवाद और हथियारों से जुड़े गंभीर आरोप लगाए जाएंगे। इन आरोपों का संबंध कथित “कार्टेल ऑफ द सन्स” से बताया गया है। इससे पहले अमेरिकी न्याय विभाग ने उनकी गिरफ्तारी पर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम भी घोषित किया था।
अमेरिकी सेना ने शनिवार तड़के तेज कार्रवाई में मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ा। कराकस के लोगों ने इस दौरान कई धमाकों की आवाजें सुनने की बात कही। बताया गया कि कम से कम सात विस्फोट हुए, जो कथित तौर पर सैन्य ठिकानों पर हुए। वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि इस हमले में आम नागरिकों और सैनिकों की मौत हुई है, लेकिन संख्या नहीं बताई।
ट्रंप ने वेनेजुएला पर अंतरिम अमेरिकी नियंत्रण की घोषणा की
इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि मादुरो दंपति पर अमेरिका में नार्को-आतंकवाद के मामलों में मुकदमा चलेगा। इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अमेरिका अस्थायी रूप से वेनेजुएला की सरकार चलाने की जिम्मेदारी लेगा और सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
शनिवार को दिए गए बयानों में ट्रंप ने कहा कि “सही संक्रमण” सुनिश्चित करने के लिए अमेरिकी सेना वेनेजुएला में बनी रहेगी। यह पिछले लगभग 40 वर्षों में क्षेत्र में अमेरिका का सबसे सीधा सैन्य हस्तक्षेप माना जा रहा है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें मादुरो और उनकी पत्नी अमेरिकी युद्धपोत USS Iwo Jima पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को “सदर्न स्पीयर” ऑपरेशन की सफलता बताया।