महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर घिरे नीतीश कुमार, RJD ने सीएम की मानसिक हालत को बताया दयनीय, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरजेडी और कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। विपक्ष ने इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है।

Rishabh Shukla
अपडेटेड15 Dec 2025, 08:13 PM IST
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला चिकित्सक के साथ कथित व्यवहार को लेकर विपक्ष ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री महिला डॉक्टर नुसरत प्रवीण को नियुक्ति पत्र देते समय उनके चेहरे से हिजाब हटाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आते ही बिहार की राजनीति में विपक्ष ने नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति को दयनीय बताते हुए इस्तीफे की मांग कर दी है।

RJD ने लगाया महिलाओं के अपमान का आरोप

राष्ट्रीय जनता दल ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री के आचरण पर सवाल उठाए हैं। राजद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह क्या हो गया है नीतीश जी को? मानसिक स्थिति बिल्कुल ही अब दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है या नीतीश बाबू अब 100% संघी हो चुके हैं? आरजेडी के एक नेता ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती। आरजेडी ने इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया है।

कांग्रेस ने सीएम नीतीश से मांगा इस्तीफा

कांग्रेस पार्टी ने भी इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। एक महिला डॉक्टर को नियुक्ति पत्र देते समय उनका हिजाब खींच लेना — यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। जब राज्य का मुखिया सरेआम ऐसी हरकत करे, तो महिलाओं की सुरक्षा का क्या भरोसा? इस घटिया कृत्य के लिए नीतीश कुमार को तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए। वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष सरकार पर दबाव बनाने में जुट गया है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर घिरे नीतीश कुमार, RJD ने सीएम की मानसिक हालत को बताया दयनीय, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर घिरे नीतीश कुमार, RJD ने सीएम की मानसिक हालत को बताया दयनीय, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा
OPEN IN APP