
TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने पर अड़े हैं, इसके शिलान्यास के लिए सऊदी अरब से मौलवी के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा यहां तीन लाख लोगों के भी जुटने की बात कही जा रही है। लोग मस्जिद निर्मण के लिए माथे पर ईंट रखकर वहां पहुंच रहे हैं। रेलवे स्टेशन से लेकर उस जगह तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं जहां हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद निर्माण का ऐलान किया है।
TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने इस निर्माण के लिए होने वाले शिलान्यास में तीन लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है। मीडिया से बातचीत करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि बाबरी मस्जिद के शिलान्यास के मौके पर सऊदी अरब समेत दुनिया भर के मुस्लिम धर्मगुरू शामिल होंगे।
हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद के बेलडांग के मोरादिघी में बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान किया है, इसके लिए उन्होंने 25 बीघा जमीन को चिह्नित किया है। हुमायूं के ऐलान को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद के निर्माण के लिए जहां शिलान्यास होना है वहां बड़ी संख्या में मेहमान पहुंच रहे हैं। मेहमानों के लिए 60 हजार पैकेट शाही बिरयानी तैयार की जा रही है। यहां बाहर से पहुंचने वाले मेहमानों के लिए शाही बिरयानी के 40 हजार पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय लोगों के लिए भी 20 हजार बिरयानी के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं।
TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने बताया कि बाबरी मस्जिद के शिलान्यास के मौके पर बड़ी संख्या में विदेशी मुस्लिम धर्म गुरु भी पहुंच रहे हैं। उनकी मौजूदगी में मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखी जाएगी। पूरे कार्यक्रम के आयोजन के लिए यहां विशाल पांडाल तैयार किया गया है। कार्यक्रम को ठीक ढंग से संचालन के लिए हुमायूं कबीर ने अपने ट्रस्ट की तरफ से तीन हजार वॉलंटियर्स तैनात किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा विशाल मंच तैयार किया गया है।
हुमायूं कबीर के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने का बीजेपी ने विरोध किया है। बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बाबरी मस्जिद निर्माण को भारतीय भावनाओं के खिलाफ बताया है। उमा भारती ने कहा कि इबादत के लिए मस्जिद बनाने पर कोई आपत्ति नहीं है लेकिन बर्बर मुगल आक्रमणकारी के नाम पर मस्जिद स्वीकर नहीं है। वहीं गिरिराज सिंह ने इसके लिए TMC को जिम्मेदार बताया है।
विधायक हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को ही मस्जिद निर्माण के लिए शिलान्यास का फैसला किया है क्योंकि इसी दिन अयोध्या में स्थिति बाबरी मस्जिद के ढांचे का विध्वंस किया गया था। बाबरी मस्जिद निर्माण के फैसले पर अड़े हुमायूं कबीर को TMC ने पार्टी से सस्पेंड कर दिया है और उनके किसी भी फैसले से खुद को अलग कर लिया है। TMC का आरोप है कि हुमायूं कबीर बीजेपी के इशारे पर ये सब कर रहे हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.