USA Medical Expense: अमेरिका में रहना कई लोगों का सपना होता है। हाई सैलरी, बेहतर सुविधाएं और आसान जिंदगी का वादा। लेकिन जब बात हेल्थकेयर की आती है, तो वहां का खर्च कई बार हैरान कर देता है। हाल ही में एक भारतीय NRI का अनुभव सामने आया है, जिसने अमेरिकी हेल्थकेयर सिस्टम की असली कीमत दिखा दी।
डेढ़ घंटे में हो गया इलाज लेकिन भारी-भरकम बिल
भारतीय मूल के एनआरआई पार्थ विजयवर्गीय ने अमेरिका में अपने साथ हुई एक घटना शेयर की। आइस-स्केटिंग के दौरान चोट लगने के बाद उन्हें इमरजेंसी रूम जाना पड़ा। दर्द में होने के बावजूद उन्होंने एम्बुलेंस बुलाने का फैसला नहीं किया, क्योंकि अमेरिका में एम्बुलेंस का खर्च पहले से ही बहुत ज्यादा होता है। वे खुद गाड़ी चलाकर ER पहुंचे।
आया लाखों का बिल
पार्थ बताते हैं कि ER में उनका इलाज करीब 90 मिनट में हो गया। सब कुछ ठीक लगा, डॉक्टर मिले, जांच हुई और इलाज भी हो गया। लेकिन असली झटका तब लगा जब करीब तीन हफ्ते बाद उन्हें अस्पताल का बिल मिला। इंश्योरेंस के बाद भी उन्हें अपनी जेब से लगभग $1,800 (करीब ₹1.5 लाख) चुकाने पड़े, जबकि इंश्योरेंस कंपनी पहले ही करीब $4,000 ( ₹3.6 लाख) का भुगतान कर चुकी थी।
पार्थ ने बताया क्यों इतना महंगा है अमेरिका?
अपने वीडियो में पार्थ कहते हैं कि लोग पूछते हैं अमेरिका इतना महंगा क्यों है और सैलरी ज्यादा क्यों मिलती है। उनका जवाब सीधा है- इमरजेंसी जैसी बेसिक चीज भी यहां बेहद महंगी है। यही वजह है कि यहां की हाई सैलरी, हाई खर्चों की भरपाई करती है।
लोगों ने दिया ये रिएक्शन
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी रिएक्ट किया है। एक यूजर ने भारतीय डॉक्टरों की तारीफ करते हुए कहा कि भारत में इलाज ज्यादा सुलभ और असरदार है। एक ने लिखा, "अमेरिका की नौकरियां अच्छी तनख्वाह देती हैं, लेकिन असली बिल तो जिंदगी बाद में भेजती है।" ज्यादातर लोग इस बात पर सहमत दिखे कि अमेरिका में कमाई और खर्च दोनों ही हाई लेवल के हैं।
अमेरिका में जिंदगी सिंपल लेकिन रहना महंगा
कंटेंट क्रिएटर उमंग चौधरी से बातचीत में पार्थ ने बताया कि वे मूल रूप से जयपुर से हैं और फिलहाल एरिजोना में रहते हैं। सिविल इंजीनियर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर पार्थ ने कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट में मास्टर्स किया है और अब लोअर सिक्स-फिगर सैलरी कमाते हैं। उनका कहना है कि अमेरिका में जिंदगी आसान है, लेकिन यहां शिफ्ट होने से पहले मजबूत फाइनेंशियल बैकग्राउंड होना बेहद जरूरी है। साथ ही, वे भारत में अपने परिवार को मिस करना भी नहीं भूलते।