ओडिशा को 10 साल पीछे धकेलेगा…. DMRC से डील कैंसल करने पर भड़के नवीन पटनायक

बीजू जनता दल के नेता नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर मेट्रो रेल परियोजना रद्द करने पर ओडिशा की भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह शहर को 10 साल पीछे धकेलेगा। यह परियोजना शहरी परिवहन और विकास को बढ़ावा देती है।

एडिटेड बाय Anjali( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
पब्लिश्ड27 Jul 2025, 01:38 PM IST
भुवनेश्वर मेट्रो रेल परियोजना रद्द (APF)
भुवनेश्वर मेट्रो रेल परियोजना रद्द (APF)

बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक ने उनके कार्यकाल में शुरू की गई भुवनेश्वर मेट्रो रेल परियोजना रद्द करने के ओडिशा सरकार के फैसले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम शहरी परिवहन और विकास के मामले में शहर को 10 साल पीछे धकेल देगा।

पटनायक की यह प्रतिक्रिया राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के साथ मेट्रो रेल परियोजना का अनुबंध रद्द करने की खबर आने के कुछ घंटे बाद आई है।

नवीन पटनायक ने क्या कहा

पटनायक ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ‘यह जानकर हैरान हूं कि भाजपा सरकार ने भुवनेश्वर मेट्रो रेल का अनुबंध रद्द कर दिया है। हमारा सपना हमेशा से भुवनेश्वर को एक विश्वस्तरीय शहर बनाना रहा है। हमने यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं तैयार करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे, बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किए, आधुनिक और सुगम परिवहन व्यवस्था मुहैया करायी और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को भी बढ़ावा दिया।’

नवीन पटनायक ने जताया कि ‘मो बस’ और आखिरी छोर तक संपर्क सुविधा के साथ इस परियोजना से राजधानी की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह बदल जाती। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल शहर में भीड़भाड़ कम करने में मदद मिलती, बल्कि यह शहर के विस्तार में भी बड़ी भूमिका निभाती।

पटनायक ने बताया , ‘बेहतर यातायात के लिए मेट्रो की तत्काल आवश्यकता को समझते हुए, हमने परियोजना के पहले चरण के लिए 2027 की एक समयसीमा तय की थी।’

ओडिशा के लोगों के साथ विश्वासघात :पटनायक

पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक ने कहा कि डीएमआरसी द्वारा ठेकेदारों को भेजे गए नोटिस से अब पता चला है कि ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर मेट्रो परियोजना को रद्द कर दिया है।

उन्होंने बताया , ‘डबल इंजन वाली सरकार ने मेट्रो रेल जैसी महत्वपूर्ण परियोजना को रद्द करके ओडिशा के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। यह हैरान वाला फैसला शहर को 10 साल पीछे धकेल देगा।’

हालांकि, ओडिशा के आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र ने कहा कि राज्य सरकार राज्य की राजधानी के लिए एक व्यवहारिक मेट्रो परियोजना की गंभीरता से योजना बना रही है।

उन्होंने व्यक्त किया कि पूर्ववर्ती बीजद सरकार ने बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को ‘त्रिसूलिया स्क्वायर’ से जोड़ने वाली 5,000 करोड़ रुपये की लागत वाली की इस परियोजना के लिए केंद्र से किसी भी तरह की मदद नहीं मांगी थी क्योंकि उसने इसे पूरी तरह राज्य सरकार द्वारा वित्तपोषित परियोजना बनाया था।

मंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार इस परियोजना को केंद्र सरकार की मदद से संयुक्त रूप से पूरा करना चाहती है। मंत्री ने कहा, ‘हम मेट्रो रेल परियोजना को पूर्ववर्ती सरकार की योजना से अलग तरीके से लागू करेंगे, क्योंकि वह योजना व्यवहारिक नहीं थी। अब एक नयी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीआरपी) तैयार की जाएगी और उसे केंद्र के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।’

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़ओडिशा को 10 साल पीछे धकेलेगा…. DMRC से डील कैंसल करने पर भड़के नवीन पटनायक
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़ओडिशा को 10 साल पीछे धकेलेगा…. DMRC से डील कैंसल करने पर भड़के नवीन पटनायक