नई दिल्ली: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा है कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं में डर का माहौल था। उन्होंने बताया कि उन्हें सुरक्षा के लिए बंकर में जाने की सलाह दी गई थी।
शनिवार को एक कार्यक्रम में जरदारी ने कहा कि उनके सैन्य सचिव ने उन्हें बताया कि युद्ध शुरू हो चुका है और उन्हें बंकर में जाना चाहिए। जरदारी ने कहा कि उन्होंने चार दिन पहले ही अंदेशा जता दिया था कि युद्ध हो सकता है। उन्होंने बंकर में जाने से इनकार करते हुए कहा कि अगर शहादत लिखी होगी तो वहीं मिलेगी।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। इस अभियान के तहत भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए।
भारतीय सेना ने हिज़्बुल मुजाहिदीन, जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाया। ये शिविर बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट, कोटली और मुज़फ्फराबाद जैसे इलाकों में थे। जरदारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि पाकिस्तान जंग के लिए तैयार है और कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेगा।