PM Modi Instagram Followers: सोशल मीडिया के जमाने में किसी नेता की लोकप्रियता नापने का सबसे नया पैमाना उसके फॉलोअर्स की संख्या बन गई है। आज के दौर में रैलियों की भीड़ के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आपके कितने फॉलोवर्स हैं, यह बहुत मायने रखता है। इसी रेस में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसके आस-पास भी दुनिया का कोई दूसरा बड़ा नेता फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। यह खबर न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के डिजिटल स्पेस के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड है।
इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी के 10 करोड़ फॉलोवर्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ (100 Million) फॉलोअर्स का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है। गुरुवार, 26 फरवरी 2026 को मिली जानकारी के मुताबिक, वे दुनिया के पहले ऐसे राजनेता और वैश्विक नेता बन गए हैं जिन्होंने इस मील के पत्थर को पार किया है। साल 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़ने के बाद से उनका पॉपुलैरिटी ग्राफ लगातार ऊपर ही गया है।
ट्रंप समेत बाकी नेताओं के कितने फॉलोवर्स?
अगर हम दुनिया के बाकी शक्तिशाली नेताओं से तुलना करें, तो पीएम मोदी का दबदबा साफ दिखाई देता है।
- डोनाल्ड ट्रंप (अमेरिकी राष्ट्रपति): ये 4.32 करोड़ फॉलोअर्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं, जो मोदी जी के मुकाबले आधे से भी कम हैं।
- प्रबोवो सुबियांतो (इंडोनेशिया): इनके करीब 1.5 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
- लूला डी सिल्वा (ब्राजील के राष्ट्रपति): इनके पास 1.44 करोड़ फॉलोअर्स की टीम है।
- तैयब एर्दोआन (तुर्किये के राष्ट्रपति): इनके पास 1.16 करोड़ फॉलोवर्स हैं।
- जेवियर मिलेई (अर्जेंटीना के राष्ट्रपति): इनके 64 लाख फॉलोअर हैं।
हैरानी की बात तो यह है कि दुनिया के अगले 5 सबसे बड़े नेताओं के फॉलोअर्स को अगर मिला भी दिया जाए, तब भी वे अकेले पीएम मोदी की बराबरी नहीं कर पा रहे हैं।
योगी और राहुल गांधी के कितने सोशल मीडिया फॉलोवर्स?
भारतीय राजनीति की बात करें तो यहां भी पीएम मोदी और अन्य नेताओं के बीच का अंतर बहुत बड़ा है।
- योगी आदित्यनाथ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री करीब 1.61 करोड़ फॉलोअर्स के साथ भारतीय नेताओं में दूसरे स्थान पर हैं।
- राहुल गांधी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगभग 1.26 करोड़ फॉलोअर्स के साथ तीसरे नंबर पर आते हैं।
पीएम मोदी के 10 करोड़ के मुकाबले ये आंकड़े बताते हैं कि डिजिटल दुनिया में युवाओं और जनता के बीच उनकी पकड़ कितनी मजबूत हो चुकी है।
क्यों युवाओं के बीच इतने लोकप्रिय हैं पीएम मोदी
अधिकारियों के अनुसार, पीएम मोदी का इंस्टाग्राम अकाउंट पिछले एक दशक में सबसे सक्रिय रहा है। उनकी पोस्ट्स में सरकारी योजनाओं के साथ-साथ उनके विदेशी दौरे, आम लोगों से मुलाकात और उनके निजी पलों की झलकियां युवाओं को काफी पसंद आती हैं। इंस्टाग्राम जैसे विजुअल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय मौजूदगी ने उन्हें दुनिया भर में बड़ी संख्या में फॉलोअर्स से जोड़ा है।
सोशल मीडिया आज राजनीति का अहम हिस्सा बन चुका है और इस प्लेटफॉर्म पर 10 करोड़ का आंकड़ा पार करना एक बड़ा डिजिटल माइलस्टोन माना जा रहा है।