मुंबई में 17 फरवरी को रहेंगे पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों, मुंबई पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के दौरे के लिए 17 फरवरी को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भारी गाड़ियों पर बैन लगा दिया है। इसके लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी गई है।

Jitendra Singh
अपडेटेड16 Feb 2026, 02:48 PM IST
मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक होगी।
मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक होगी।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 फरवरी को मुंबई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात से भारत-यूरोप संबंधों को नई दिशा मिलने वाली है। रक्षा, इंडो-पैसिफिक और टेक्नोलॉजी सहयोग इस बातचीत के प्रमुख एजेंडा माने जा रहे हैं। इधर पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के पहुंचने पर मुंबई महानगर पालिका की नवनियुक्त मेयर उनका स्वागत करेंगी। वहीं वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जाम से बचने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है।

वहीं सुरक्षा को देखते हुए वेस्टर्न एक्सप्रेसवे हाइवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। डीसीपी ट्रैफिक अजीत बोरहाडे ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे और किसी को असुविधा न हो।

वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर भारी वाहनों की एंट्री बैन

वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर वाकोला फ्लाइओवर से दहिसर टोल नाका के बीच उत्तर और दक्षिण, दोनों दिशाओं में 17 फरवरी को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक सभी भारी वाहनों (एचएमवी) की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान ट्रकों, कंटेनरों और अन्य बड़े मालवाहक वाहनों को इस मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

यह भी पढ़ें | नीरव मोदी को एक और झटका, लंदन हाई कोर्ट ने खारिज की एक और याचिका

हालांकि, ऐम्बुलेंस, अग्निशमन दल, पुलिस वाहन और वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात सरकारी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अजीत बोरहाडे ने मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 115 के तहत यह अधिसूचना जारी की है। यह पाबंदी हाइवे के उत्तर की ओर जाने वाले और दक्षिण की ओर जाने वाले दोनों रास्तों पर 13 घंटे तक लागू रहेगी, ताकि वीवीआईपी काफिले की सुरक्षा में कोई चूक न हो।

मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगी ऋतु तावडे

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई की नवनियुक्त मेयर रितु तावडे को 17 फरवरी को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का एयरपोर्ट पर स्वागत करने का मौक़ा मिलेगा। बीएमसी की मेयर मुंबई की प्रथम नागरिक होती है। प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, चीफ जस्टिस सहित विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के मुंबई आगमन पर एयरपोर्ट पर स्वागत करना होता है।

यह भी पढ़ें | AI समिट: 16 से 20 फरवरी दिल्ली में इन रास्तों से बचें, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

राष्ट्रपति मैक्रों क्यों आ रहे मुंबई?

पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों मुंबई के लोक भवन (पूर्व नाम राजभवन) में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और 'होराइजन 2047 रोडमैप' के तहत रक्षा और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता मुंबई में भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन का उद्धाटन करेंगे। यह कार्यक्रम साल 2026 के दौरान भारत और फ्रांस दोनों देशों में मनाया जाएगा और इसका उद्देश्य इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप्स के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देना है।

राष्ट्रपति मैक्रों का मुंबई पहला दौरा है

पीएम मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17-19 फरवरी तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। वे भारत में हो रहे AI इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे और मुंबई में प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। यह राष्ट्रपति मैक्रों का भारत का चौथा और मुंबई का पहला दौरा होगा। मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे, दोनों नेता मुंबई के लोक भवन में द्विपक्षीय मीटिंग करेंगे।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़मुंबई में 17 फरवरी को रहेंगे पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों, मुंबई पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़मुंबई में 17 फरवरी को रहेंगे पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों, मुंबई पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी