Mann ki Baat: मन की बात में आत्मविश्वास से भरा भारत, पीएम मोदी ने गिनाईं देश की बड़ी उपलब्धियां

Mann ki Baat: प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में कहा कि 2025 भारत के लिए गर्व, एकता और आत्मविश्वास का साल रहा। ऑपरेशन सिंदूर, खेल उपलब्धियां, सांस्कृतिक एकता और युवाओं की भागीदारी ने देश को नई दिशा दी।

Priya Shandilya
अपडेटेड28 Dec 2025, 12:00 PM IST
मन की बात का 129वें एपिसोड
मन की बात का 129वें एपिसोड(PTI)

Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 129वें एपिसोड में साल 2025 को भारत के लिए गर्व, आत्मबल और एकता से भरा बताया। उन्होंने कहा कि बीते साल ने देश को यह एहसास कराया कि आज का भारत सिर्फ आगे बढ़ने की बात नहीं करता, बल्कि चुनौतियों का डटकर सामना भी करता है।

ऑपरेशन सिंदूर: देश की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे देश को गर्व से भर दिया। यह अभियान भारत की सुरक्षा नीति और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बना। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के दौरान देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में बसे भारतीयों ने भी एकजुट होकर भारत के प्रति अपना समर्थन दिखाया। यह संदेश साफ था कि भारत अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।

वंदे मातरम के 150 साल

प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर ने देशवासियों को एकजुट किया, उसी तरह वंदे मातरम ने भी हर भारतीय के दिल में देशभक्ति और गर्व का भाव जगाया।

प्रधानमंत्री ने काशी-तमिल संगम का भी जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश की सांस्कृतिक एकता और मजबूत हुई है। तमिल भाषा को सीखने और समझने की पहल ने युवाओं में खास उत्साह जगाया। उन्होंने इसे भारत की विविधता में एकता का सुंदर उदाहरण बताया।

युवाओं के लिए यंग लीडर्स डायलॉग

प्रधानमंत्री ने बताया कि युवाओं की जिज्ञासा को ध्यान में रखते हुए विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 12 जनवरी 2026 को स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस पर होगा। मोदी ने कहा कि वे खुद इसमें शामिल होंगे।

इस दौरान पेम मोदी ने मणिपुर के मोइरांगथेम सेठ का उदाहरण दिया, जिन्होंने बिजली की समस्या का हल सोलर पावर से निकाला। उन्होंने कहा कि यह “जहां चाह, वहां राह” का जीता-जागता उदाहरण है।

संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों का उत्साह

मोदी ने प्रयागराज महाकुंभ और अयोध्या राम मंदिर में झंडा फहराने की रस्म पर बात करते हुए कहा कि 2025 ने भारत की आस्था और विरासत को दुनिया के सामने रखा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि देश में स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा और वन्यजीव संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय काम हुए हैं। चीतों की संख्या में बढ़ोतरी इसका बड़ा उदाहरण है।

खेलों में भारत की शानदार उड़ान

पीएम मोदी ने कहा कि खेलों में भी भारत ने नया इतिहास रचा है। पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों की जीत, पैरा एथलीट्स की उपलब्धियां और अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन ने देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।

प्रधानमंत्री के शब्दों में, 2025 सिर्फ एक साल नहीं बल्कि भारत की सामूहिक ताकत, आत्मविश्वास और एकजुटता की पहचान बन गया। आने वाला समय देश के लिए और भी नई संभावनाएं लेकर आएगा।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़Mann ki Baat: मन की बात में आत्मविश्वास से भरा भारत, पीएम मोदी ने गिनाईं देश की बड़ी उपलब्धियां
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़Mann ki Baat: मन की बात में आत्मविश्वास से भरा भारत, पीएम मोदी ने गिनाईं देश की बड़ी उपलब्धियां