Mann ki Baat: पीएम मोदी ने 'वोकल फॉर लोकल' पर दिया जोर, उपलब्धियों की लंबी लिस्ट भी गिनाई

PM Modi Mann ki Baat: प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में देश की हालिया उपलब्धियों पर बात की- रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन, खेलों में भारत की जीत, अंतरिक्ष क्षेत्र का बढ़ता दबदबा और शहद उत्पादन जैसे स्थानीय उद्योगों की तरक्की। इसके साथ ही सांस्कृतिक आयोजन, पर्यटन और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर भी जोर दिया।

Priya Shandilya
अपडेटेड30 Nov 2025, 11:42 AM IST
पीएम मोदी की मन की बात (फाइल फोटो)
पीएम मोदी की मन की बात (फाइल फोटो)(DPR PMO/ANI Photo)

PM Modi Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों से कई सकारात्मक बातों और हाल की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि नवंबर का महीना अपने साथ कई प्रेरणाएं लेकर आया है। अभी कुछ ही दिन पहले संविधान दिवस मनाया गया, वंदे भारत कार्यक्रमों की शुरुआत हुई और अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा फहराई गई, ये सब देश के लिए गर्व के पल हैं।

खाद्यान्न उत्पादन से लेकर अंतरिक्ष सफलता तक

पीएम मोदी ने बताया कि भारत ने कृषि क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। देश ने इस बार 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन करके एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। इसके साथ ही उन्होंने स्पेस सेक्टर की बात करते हुए स्काईरूट के इन्फिनिटी कैंपस और भारत की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं का जिक्र किया। चंद्रयान-2 के समय मिली निराशा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उसी दिन वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 की सफलता की कहानी लिखनी शुरू कर दी थी।

शहद की मिठास में छुपी मेहनत

मोदी ने इस बार शहद उत्पादन पर भी खास चर्चा की। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के सुलाई शहद को जीआई टैग मिलने के बाद देशभर में इसकी पहचान बनी है। दक्षिण कन्नड़ में ग्रामजन्य संस्था की मेहनत से शहद उत्पादन ने एक नई उड़ान भरी है। भारत में अब डेढ़ लाख मीट्रिक टन से ज्यादा शहद का उत्पादन हो रहा है, जिससे हजारों परिवारों को रोजगार मिल रहा है।

संस्कृति, इतिहास और विंटर टूरिज्म पर भी बात

कुरुक्षेत्र में महाभारत युद्ध से जुड़े डिजिटल अनुभव की बात हो या गीता महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता, प्रधानमंत्री ने इसे भारत की सांस्कृतिक शक्ति का हिस्सा बताया। उन्होंने काशी तमिल संगमम का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने विंटर टूरिज्म, खासकर उत्तराखंड में तेजी से बढ़ती लोकप्रियता की बात भी साझा की। आदि कैलाश में हुई हाई एल्टीट्यूड रन का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पर्यटन में किस तरह तेजी आई है। उन्होंने घूमने का प्लान बना रहे लोगों से हिमालय की सैर करने और विंटर टूरिज्म का अनुभव लेने को कहा।

नौसेना की बढ़ी ताकत

पीएम ने हाल ही में लॉन्च हुए INS माहे का जिक्र किया और कहा कि नौसेना की आत्मनिर्भरता की दिशा में ये बड़ा कदम है। इसके अलावा उन्होंने भूटान यात्रा के दौरान भगवान बुद्ध के अवशेष भेजे जाने की सराहना पर भी बात की। वहीं ‘वोकल फॉर लोकल’ को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि त्योहारों में लोगों ने लोकल प्रोडक्ट्स को अपनाया है और आगे भी यह भावना जारी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा जब भी कुछ खरीदें तो देश का बना हुआ खरीदें। इससे देश आत्मनिर्भर होगा और बढ़ावा मिलेगा।

भारत के खेल सितारों की चमक

अंत में प्रधानमंत्री ने बताया कि खेलों के लिए ये महीना बेहद शानदार रहा। महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप जीत, डेफ ओलंपिक में 20 मेडल, कबड्डी वर्ल्ड कप में जीत और वर्ल्ड बॉक्सिंग में पदक, महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम की जीत समेत हर उपलब्धि ने देशवासियों का मन गर्व से भर दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की असली ताकत देशवासियों की मेहनत, लगन और एकजुटता है। इन्हीं प्रयासों को ‘मन की बात’ के जरिए आगे लाना उनका उद्देश्य है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़Mann ki Baat: पीएम मोदी ने 'वोकल फॉर लोकल' पर दिया जोर, उपलब्धियों की लंबी लिस्ट भी गिनाई
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़Mann ki Baat: पीएम मोदी ने 'वोकल फॉर लोकल' पर दिया जोर, उपलब्धियों की लंबी लिस्ट भी गिनाई