PM Modi BirthdayWish Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज 55 साल के हो गए हैं। जन्मदिन के खास मौके पर पीएम मोदी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई… ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।
पीएम मोदी के अलावा कई कांग्रेस नेताओं ने भी राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। आइए देखते हैं, उन सभी नेताओं के पोस्ट
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी एक्स पर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा- राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जो चीज आपको अलग करती है वह संविधान के मूल्यों के प्रति आपका अप्रतिम समर्पण और उन लाखों लोगों की खातिर सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय के प्रति आपका गहरा लगाव है, जिनकी आवाजें अक्सर अनसुनी कर दी जाती हैं।
आपके कार्य कांग्रेस पार्टी की विविधता में एकता, सद्भाव और करुणा की विचारधारा को लगातार दर्शाते हैं। आप सच्चाई को सत्ता तक पहुंचाने और वंचितों का समर्थन करने के अपने मिशन को जारी रखे हैं। मैं आपके लंबे, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करता हूं।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा- राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व सौहार्दपूर्ण, समावेशी, समायोजनकारी समग्र सामाजिक-राजनीतिक सक्रियता के लिए शुभकामनाएं।
इसके अलावा कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं पूरे कांग्रेस परिवार और देश भर के लाखों लोगों के साथ हमारे प्रिय नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को शुभकामनाएं देता हूं। राहुल गांधी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
उन्होंने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘‘फासीवादियों’’ से बिना किसी डर के मुकाबला करने का साहस, नफरत पर प्यार की जीत का संदेश और देश के गरीबों, हाशिये पर पड़े लोगों एवं पिछड़ों के लिए दूरदर्शी दृष्टि उन्हें वह नेता बनाती है जिसकी इस मुश्किल दौर में देश को जरूरत है।
वेणुगोपाल ने कहा कि ऐतिहासिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने आर्थिक और सामाजिक अन्याय के बोझ तले दबे लाखों लोगों के दिलों में आशा जगाई और सच्चा सामाजिक परिवर्तन लाने के प्रति राहुल गांधी का समर्पण एक ऐसा मार्ग है जिस पर उनके विरोधी भी चलने को मजबूर हैं।