देश के बिजली डिस्ट्रिब्यूशन सेक्टर से जुड़ी एक बड़ी और राहत देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, कई सालों से भारी कर्ज और घाटे से जूझ रही पावर डिस्कॉम कंपनियां अब मुनाफे में लौट आई हैं। उर्जा मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2024-25 में डिस्कॉम्स ने मिलकर 2,701 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। इससे पहले FY24 में यही सेक्टर करीब 25,553 करोड़ रुपये के नुकसान में था। खास बात यह है कि करीब 10 साल बाद पहली बार बिजली वितरण कंपनियों ने घाटे से बाहर निकलकर मुनाफा कमाया है।
7 लाख करोड़ रुपये का कर्ज बकाया
हालांकि, मुनाफे के बावजूद चुनौतियां पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। डिस्कॉम्स पर अब भी करीब 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कुल कर्ज बना हुआ है। मंत्रियों के समूह (GoM) की समीक्षा के अनुसार, इसमें से लगभग 2.74 लाख करोड़ रुपये का कर्ज ऐसा है जिसे लंबे समय तक संभालना मुश्किल माना जा रहा है। देश में इस वक्त करीब 67 डिस्कॉम कंपनियां काम कर रही हैं, जिनमें 16 निजी क्षेत्र की हैं।
सुधार की राह आसान नहीं
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने भी माना है कि कुछ डिस्कॉम अभी भी घाटे में हैं। यानी सुधार की राह अभी पूरी तरह आसान नहीं है। दूसरी ओर एक्सपर्ट्स का मानना है कि सरकारी सुधार योजनाएं, बेहतर फाइनेंशियल मैनेजमेंट और सख्त मॉनिटरिंग की वजह से यह बदलाव संभव हो पाया है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो आने वाले सालों में बिजली वितरण सेक्टर की हालत और मजबूत हो सकती है।