Premanand ji Maharaj health update: प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य को लेकर बीते कुछ समय से तरह-तरह की बातें चल रही थीं। सोशल मीडिया पर उनके अस्वस्थ होने की खबरों से भक्त चिंतित थे। इसी बीच बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने उनके स्वास्थ्य पर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि महाराज अब स्वस्थ हैं और उन्होंने खुद उनसे मुलाकात भी की है।
अब कैसी है प्रेमानंद जी महाराज की सेहत?
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य को लेकर बहुत सी अफवाहें फैल रही थीं, लेकिन अब वे बिल्कुल स्वस्थ हैं। मैं उन्हें पदयात्रा के लिए निमंत्रण देने गया था, उन्होंने स्नेहपूर्वक हमारा निमंत्रण स्वीकार किया और हमें आशीर्वाद दिया।” उनका यह बयान भक्तों के लिए राहत लेकर आया है, जो कई दिनों से महाराज के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे।
महाराज की दोनों किडनियां फेल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में खुद प्रेमानंद जी महाराज ने बताया था कि उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि “अब कुछ नहीं हो सकता, आज नहीं तो कल जाना ही होगा।” यह सुनकर उनके लाखों अनुयायी भावुक हो गए थे। उनकी इस बात के बाद कई लोगों ने उन्हें किडनी दान करने की पेशकश भी की थी, जिनमें एल्विश यादव, और बॉलीवुड स्टार्स भी शामिल थे।
राज कुंद्रा ने की थी गुर्दा दान की पेशकश
एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने भी किडनी दान करने की इच्छा जताई थी। अगस्त में राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी वृंदावन पहुंचे थे। मुलाकात के दौरान कुंद्रा महाराज से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपना एक गुर्दा दान करने का प्रस्ताव रख दिया।
आश्रम प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की
श्री हित राधा केली कुंज परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रेमानंद जी महाराज फिलहाल स्थिर और स्वस्थ हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी सुबह की सैर फिलहाल रोक दी है, लेकिन बाकी दिनचर्या पहले जैसी चल रही है। प्रशासन ने सभी भक्तों से अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
देशभर से आ रहे हैं भक्त, जारी हैं प्रार्थनाएं
प्रेमानंद जी महाराज के वृंदावन आश्रम में विराट कोहली, अनुष्का शर्मा, हेमा मालिनी, ग्रेट खली और मोहन भागवत जैसे बड़े नाम पहले भी दर्शन कर चुके हैं। भक्तों का कहना है कि वे महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए लगातार प्रार्थना कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें पहले की तरह प्रवचन करते देखने की उम्मीद है।