राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज दिल्ली में राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) के रूप में शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उन्हें संविधान और कानून के तहत अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि गोयल सूचना के अधिकार की भावना को मजबूती देंगे और नागरिकों को सरकारी सूचनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करेंगे।
RTI व्यवस्था की रीढ़ है मुख्य सूचना आयुक्त का पद
मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में राज कुमार गोयल की जिम्मेदारी होगी कि सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निपटारा हो। यह पद नागरिकों के सूचना के अधिकार की रक्षा और सरकारी जवाबदेही तय करने में अहम भूमिका निभाता है। आयोग के जरिए सरकारी तंत्र में पारदर्शिता बढ़ाने और सूचना छिपाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जाता है।
कौन हैं राज कुमार गोयल?
राज कुमार गोयल के नाम की सिफारिश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति ने की थी। वे 1990 बैच के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं और AGMUT कैडर से ताल्लुक रखते हैं। गोयल कानून एवं न्याय मंत्रालय के तहत न्याय विभाग में सचिव रहे हैं और गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। केंद्र और जम्मू-कश्मीर में उनके प्रशासनिक अनुभव को इस नियुक्ति का मजबूत आधार माना जा रहा है।