एक ऑनलाइन फूड ऑर्डर और खेल खत्म… इंटरनैशनल महाठग रविंद्र सोनी की कहानी दिमाग हिला देगी

दुबई में आलीशान जिंदगी जीने वाले और नामी हस्तियों के साथ फोटो खिंचवाने वाले रविंद्र नाथ सोनी को एक छोटी सी गलती भारी पड़ गई। अपनी पत्नी के नाम से मंगाए गए खाने के ऑर्डर ने पुलिस को उसके ठिकाने तक पहुंचा दिया।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड20 Jan 2026, 07:25 PM IST
छोटी सी गलती और पकड़ा गया महाठग रविंद्र सोनी।
छोटी सी गलती और पकड़ा गया महाठग रविंद्र सोनी।

इतना बड़ा शातिर ठगर और इतनी छोटी गलती! आप महाठग रविंद्र सोनी की कहानी जानेंगे तो शायद यही सोचेंगे। दिल्ली के एक साधारण परिवार में जन्मे रविंद्र नाथ सोनी के पिता रक्षा मंत्रालय में अधिकारी थे। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, सोनी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और 2004 में एक बैंक में इंश्योरेंस सेल्समैन की नौकरी शुरू की। अगले 10 सालों में उसने बैंकिंग और फाइनेंस की बारीकियों को समझा। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसने क्रिप्टो और विदेशी मुद्रा व्यापार (Forex) की 'भारी-भरकम शब्दावली' सीखी, जिसका इस्तेमाल उसने बाद में लोगों को ठगने के लिए किया।

दुबई में खड़ा किया 'ब्लूचिप' का मायाजाल

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि सोनी ने दुबई में 'ब्लूचिप ग्रुप' नाम की कंपनी बनाई और खुद को ग्लोबल इन्वेस्टमेंट कंसल्टेंट के तौर पर पेश करना शुरू किया। उसने निवेशकों को हर महीने 2.5% से 3% तक के फिक्स्ड रिटर्न का लालच दिया। उसने करीब 700 लोगों से 1,500 करोड़ रुपये की ठगी की। निवेशकों को भरोसा दिलाने के लिए वह दुबई के महंगे होटलों में इवेंट्स करता था, जिसमें सोनू सूद, द ग्रेट खली और क्रिस गेल जैसे सितारों को बुलाया जाता था।

खाने का ऑर्डर और दरवाजे पर पहुंच गई पुलिस

घोटाला सामने आने के बाद सोनी दुबई से भागकर उत्तराखंड के देहरादून में छिप गया था। पुलिस उसे ट्रैक नहीं कर पा रही थी, लेकिन 30 नवंबर, 2025 को उसने अपनी पत्नी के अकाउंट से खाना ऑर्डर किया। इस ऑर्डर में इस्तेमाल हुआ मोबाइल नंबर सोनी के नाम पर था। कानपुर पुलिस ने तुरंत होटल को घेरा और जैसे ही सोनी खाना लेने के लिए दरवाजा खोला, पुलिस ने उसे दबोच लिया।

View full Image
रविंद्र सोनी ने की 1,500 करोड़ की ठगी। (AI Generated Graphic)
(Notebook LM)

जापानी निवेशकों की धमकी से कांप गया था सोनी

जांच में यह भी सामने आया कि सोनी ने सात जापानी निवेशकों के 45 करोड़ रुपये वापस कर दिए थे। दरअसल, इन निवेशकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। वे सोनी की गोल्ड ट्रेडिंग स्कीम में पैसा लगा चुके थे। धमकी मिलने के एक हफ्ते के भीतर ही सोनी की पत्नी ने टोक्यो जाकर पूरा पैसा लौटा दिया था।

नकली तलाक और प्रॉपर्टी बचाने का खेल

पुलिस का कहना है कि सोनी ने अपनी पहली पत्नी स्वाति से 2022 में 'दिखावे का तलाक' लिया था। यह सब इसलिए किया गया ताकि जायदाद को 'वन-टाइम सेटलमेंट' के नाम पर पत्नी के पास ट्रांसफर कर उसे जब्त होने से बचाया जा सके। हालांकि, तलाक के बाद भी दोनों को अक्सर साथ देखा गया। गिरफ्तारी के वक्त सोनी अपनी दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था।

अब ईडी करेगी पैसों की जांच

कानपुर पुलिस ने सोनी के खिलाफ 24 एफआईआर दर्ज की हैं। ठगी के शिकार लोग भारत के 15 राज्यों के अलावा जापान, अमेरिका और फ्रांस जैसे देशों में भी हैं। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर लिया है, जिससे इस बड़े सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसेगा।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़एक ऑनलाइन फूड ऑर्डर और खेल खत्म… इंटरनैशनल महाठग रविंद्र सोनी की कहानी दिमाग हिला देगी
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़एक ऑनलाइन फूड ऑर्डर और खेल खत्म… इंटरनैशनल महाठग रविंद्र सोनी की कहानी दिमाग हिला देगी