
Rain in Delhi Today: कई दिनों की गर्मी और उमस के बाद दिल्ली में आज बारिश से मौसम सुहाना हो गया। मंगलवार को महाष्टमी के दिन सुबह से ही काफी उमस महसूस हो रही थी। महाष्टमी के व्रत में उपवास के कारण लोगों के उमस से परेशानी हो रही थी, लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली और बारिश हो गई। बारिश की बूंदें गिरने के साथ ही उमस उड़न-छू हो गई और अब दिल्लीवासियों को राहत मिल गई है। हालांकि, बारिश के कारण कुछ इलाकों में जाम लग गया।
दिल्ली से गुरुग्राम जा रहे यात्रियों ने जामिया मिलिया इस्लामिया के पास तिकोना पार्क के पास यातायात जाम और एनएच-48 पर रेडिसन होटल के पास 25 मिनट तक जाम की सोशल मीडिया पर खबर दी। उत्तर-पश्चिम दिल्ली में भी सड़कों पर भारी जाम रहा, जबकि पीतमपुरा में नेताजी सुभाष प्लेस के आसपास और बाहरी मुद्रिका रोड के एक हिस्से में वाहनों की आवाजाही धीमी रही।
हालांकि दिल्लीवासियों को उमस भरे मौसम के बाद मूसलाधार बारिश से कुछ राहत मिली। दक्षिणी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी भारी जाम देखा गया जिनमें व्यस्त महात्मा गांधी रोड, एनएच-48 और लाजपत नगर से कैप्टन गौड़ मार्ग तक के खंड आदि शामिल हैं। एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर लिखा, ' मथुरा रोड, ओल्ड रोहतक रोड, आईटीओ के कुछ हिस्सों और महात्मा गांधी रोड से जीटी करनाल रोड पर यातायात जाम की समस्या थी।'
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में बताया था कि दिल्ली में मंगलवार की दोपहर में बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने मंगलवार को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अपने अनुमान में मौसम विभाग ने कहा कि दोपहर में दिल्ली के आसमान में गड़गड़ाहट की आवाज होगी और बिजली भी चमक सकती है। आईएमडी ने कहा कि मंगलवार को दिल्ली में मध्यम स्तर की बारिश होगी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह आठ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 114 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में है। यातायात पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना मौसम संबंधी पूर्वानुमान एवं अन्य संबंधित जानकारियों के अनुसार बनाएं और जलभराव वाले इलाकों से बचें।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.