बदल जाएगा राबड़ी देवी के सरकारी आवास का पता!, रोहिणी और तेजप्रताप ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना

बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड से बदलकर 39 हार्डिंग रोड कर दिया। इस फैसले के बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी और पुत्र तेजप्रताप ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखे हमले किए। रोहिणी ने इसे लालू प्रसाद का अपमान बताया, जबकि तेजप्रताप ने राजनीतिक बदले की बात कही।

Rishabh Shukla
पब्लिश्ड26 Nov 2025, 02:04 PM IST
लालू यादव और राबड़ी देवी के साथ रोहिणी आचार्य
लालू यादव और राबड़ी देवी के साथ रोहिणी आचार्य (HT)

बिहार सरकार द्वारा राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी का सरकारी आवास बदलने के फैसले पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। मंगलवार को राज्य सरकार के भवन निर्माण विभाग ने आदेश जारी कर 10, सर्कुलर रोड स्थित आवास के स्थान पर 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया। इस निर्णय के बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य और पुत्र तेजप्रताप यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखे हमले किए।

रोहिणी आचार्य बोलीं- नीतीश ने लालू का किया अपमान

राबड़ी देवी के आवास परिवर्तन को लेकर रोहिणी आचार्य ने एक्स पर भवन निर्माण विभाग का आदेश साझा करते हुए नीतीश कुमार पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले के पीछे राजनीतिक दुर्भावना है और यह लालू प्रसाद का अपमान करने की कोशिश है। अपने पोस्ट में रोहिणी ने लिखा कि सुशासन बाबू का विकास मॉडल। करोड़ों लोगों के मसीहा लालू प्रसाद का अपमान करना पहली प्राथमिकता। घर से तो निकाल देंगे, बिहार की जनता के दिल से कैसे निकालिएगा? सेहत नहीं तो कम से कम लालू जी के राजनीतिक कद का सम्मान रखें।

तेज प्रताप यादव ने सीएम नीतीश पर कसा तंज

इसी मामले पर राबड़ी देवी के पुत्र और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के संस्थापक तेजप्रताप यादव ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि छोटे भाई ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और बड़े भाई के बंगले को खाली करने का आदेश दे दिया। तेजप्रताप ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री का यह कदम राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उनके अनुसार, इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए। इतिहास दोनों हाथों में कालिख लिए नीतीश कुमार का इंतजार कर रहा है।

आरजेडी समर्थकों में भी नाराजगी

राबड़ी देवी के सरकारी आवास को बदलने के आदेश को लेकर आरजेडी समर्थक इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं, जबकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राज्य की राजनीति नए सिरे से बदलते समीकरणों को लेकर पहले ही गर्म है। अब राबड़ी देवी के आवास परिवर्तन का मुद्दा भी सरकार बनाम विपक्ष के नए टकराव का कारण बन गया है।

कौन हैं रोहिणी आचार्य?

बता दें कि लालू प्रसाद को किडनी देकर सुर्ख़ियों में आईं उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद गत 15 नवंबर को राजनीति और परिवार छोड़ने की घोषणा की थी। रोहिणी ने राजद नेता और अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव और उनके कुछ सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा था कि मेरा कोई परिवार नहीं है। अब आप जाकर तेजस्वी, संजय और रमीज से पूछिए कि पार्टी का ऐसा हाल क्यों हुआ? मुझे मारने के लिए चप्पल उठाई गई और गंदी-गंदी गालियां दी गईं। रोहिणी 2024 के लोकसभा चुनाव में छपरा सीट से लड़ी थीं और हार गई थीं।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़बदल जाएगा राबड़ी देवी के सरकारी आवास का पता!, रोहिणी और तेजप्रताप ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़बदल जाएगा राबड़ी देवी के सरकारी आवास का पता!, रोहिणी और तेजप्रताप ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना