पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर मंगलवार, 10 फरवरी को अपने परिवार के साथ दिल्ली में थे। वे अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी के निमंत्रण बांटने आए थे। अर्जुन की शादी सानिया चंदोक से होने वाली है।
सचिन तेंदुलकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात कर शादी का निमंत्रण दिया। अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंदोक की सगाई पिछले साल अगस्त में हुई थी।
शादी में किन-किन को बुलाया गया?
सचिन तेंदुलकर ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट पर बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने बेटे की शादी में आमंत्रित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को युवा जोड़े को दिए गए आशीर्वाद और सलाह के लिए धन्यवाद भी कहा। सचिन ने लिखा कि हमें प्रधानमंत्री जी को अर्जुन और सानिया की शादी में आमंत्रित करने का सम्मान मिला। उनके आशीर्वाद और अच्छी सलाह के लिए धन्यवाद।
इसके अलावा, सचिन तेंदुलकर ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की और उन्हें शादी का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से मिलकर पुरानी यादें ताजा हो गईं और उनके शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।
सचिन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी शादी में आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि अमित शाह ने उनके परिवार को स्नेह और शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से भी मुलाकात की और उन्हें अर्जुन-सानिया की शादी का निमंत्रण दिया।
कौन हैं सानिया चंदोक?
सानिया चंदोक एक प्रतिष्ठित परिवार से हैं। वे ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं। सानिया कई वर्षों से तेंदुलकर परिवार के करीब रही हैं, खासकर अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर की अच्छी दोस्त हैं। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, सानिया मुंबई स्थित ‘Mr. Paws Pet Spa & Store LLP’ में डिज़ाइनेटेड पार्टनर और डायरेक्टर भी हैं।
जानिए अर्जुन तेंदुलकर के बारे में
26 साल के अर्जुन तेंदुलकर एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के लिए आईपीएल में 5 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 3 विकेट लिए और 114 रन दिए। बल्लेबाजी में उन्होंने अब तक 13 रन बनाए हैं। अर्जुन ने 2021 में मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था, लेकिन फिलहाल वे गोवा की टीम से खेलते हैं।
आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन से पहले अर्जुन को मुंबई इंडियंस से लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) में ट्रेड किया गया था। मुंबई इंडियंस ने उन्हें पहले 20 लाख रुपये में खरीदा था और 2022 के मेगा ऑक्शन में 30 लाख रुपये में फिर से टीम में शामिल किया था। आईपीएल 2024 में अर्जुन को सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला। 2025 में वे शुरुआती राउंड में अनसोल्ड रहे, लेकिन बाद में उन्हें 30 लाख रुपये में खरीद लिया गया।