Summer Vacation: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी अब सिर्फ लोगों की परेशानी नहीं, बल्कि बच्चों की सेहत के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने हालात ऐसे कर दिए हैं कि कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं। लगातार बढ़ते तापमान और लू को देखते हुए कई राज्य सरकारों और जिला प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी है, जबकि कुछ जगहों पर स्कूलों का समय बदल दिया गया है।
बिहार में छोटे बच्चों की क्लास बंद
बिहार में गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल संचालन में बड़ा बदलाव किया है। पटना जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक कक्षा 5 तक की सभी क्लास 22 मई से 26 मई तक पूरी तरह बंद रहेंगी। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों की पढ़ाई सिर्फ सुबह 10:30 बजे तक ही होगी। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि बच्चों को दोपहर की जानलेवा धूप और लू का सामना न करना पड़े। पूरे बिहार में सामान्य तौर पर गर्मियों की छुट्टियां 1 जून से 20 जून तक तय की गई हैं।
उत्तर प्रदेश में तत्काल छुट्टियां
यूपी में भी भयंकर गर्मी और लू के थपेड़ों से हाल बेहाल है। राजधानी लखनऊ के जिला मजिस्ट्रेट विशाख जी ने आदेश जारी करते हुए 22 मई 2026 से ही सभी बोर्ड के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां लागू कर दी हैं। गाजियाबाद के जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश पत्र जारी कर 23 मई (शनिवार) से जिले के सभी मान्यता प्राप्त, बेसिक शिक्षा परिषद और माध्यमिक शिक्षा के स्कूलों में ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, आदेश में यह साफ किया गया है कि सीबीएसई बोर्ड की जो परीक्षाएं पहले से तय हैं, वे अपने शेड्यूल के हिसाब से ही चलती रहेंगी।
पंजाब में सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज सुबह 7:30 बजे
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत प्रदान करने के लिए राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों के लिए संशोधित कार्य समय की घोषणा की। नए कार्यक्रम के तहत, कार्य समय मौजूदा सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे के बजाय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक कर दिया गया है। यह बदलाव राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों पर लागू होगा। मान ने बताया कि ये संशोधित समय 25 मई से प्रभावी होंगे और अगले आदेश तक लागू रहेंगे।
किन राज्यों में कब तक बंद रहेंगे स्कूल?
देश के कई राज्यों ने गर्मी को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियों का नया शेड्यूल जारी किया है। दिल्ली में स्कूल 11 मई से 1 जुलाई तक बंद रहेंगे। वहीं राजस्थान में 17 मई से 20 जून तक छुट्टियां घोषित की गई हैं। हरियाणा में 1 जून से 30 जून तक स्कूल बंद रहेंगे, जबकि पंजाब में 25 मई से छुट्टियां शुरू होकर 1 जुलाई तक चलेंगी। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 24 अप्रैल से 11 जून तक छुट्टियां लागू हैं। ओडिशा में भीषण गर्मी के कारण 27 अप्रैल से ही स्कूलों की छुट्टियां आगे बढ़ा दी गई थीं।